

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों की प्रथम , प्रखर और सबसे प्रमुख आवाज है — श्री नीलेश कटारे
स्थापना दिवस पर ABVP ने किया 400 प्रतिभावान विद्यार्थियों को किया सम्मानित —
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का 77वां स्थापना दिवस दुमका जिले के अग्रसेन भवन में पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। इस ऐतिहासिक अवसर पर झारखंड प्रदेश के संगठन मंत्री श्री नीलेश कटारे , दुमका के पुलिस उपाधीक्षक (DSP)श्री आकाश भारद्वाज , जिला खेल पदाधिकारी श्री तूफान कुमार पोद्दार , व्यवसायी श्री मनोज सिंघानिया , जिला संयोजक अभिषेक गुप्ता दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया ।
एबीवीपी के 77 वर्षों की गौरवगाथा को छात्रों के समक्ष रखते हुए झारखंड प्रदेश के संगठन मंत्री श्री नीलेश कटारे ने 77 वर्षों की यात्रा का विस्तृत विवरण दिया। उन्होंने कहा, “1949 में स्थापित एबीवीपी आज देश का सबसे बड़ा छात्र संगठन है। यह संगठन न केवल छात्र समस्याओं के समाधान के लिए कार्य करता है, बल्कि युवाओं में राष्ट्रभक्ति, सेवा और नेतृत्व के गुण भी विकसित करता है।”
उन्होंने यह भी कहा कि एबीवीपी का उद्देश्य केवल कॉलेज परिसरों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज निर्माण की दिशा में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे संगठित होकर सामाजिक और शैक्षणिक परिवर्तन की दिशा में कार्य करें। उन्होंने बताया कि एबीवीपी ने हमेशा भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता और शिक्षा में गिरावट के खिलाफ आवाज़ उठाई है।
अंत में, झारखंड प्रदेश संगठन मंत्री ने उपस्थित सभी छात्रों और अभिभावकों से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ें और उन्हें जागरूक, जिम्मेदार तथा संस्कारवान नागरिक बनाने में सहयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि छात्र जीवन केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि सामाजिक कार्यों, नेतृत्व विकास और राष्ट्र सेवा के लिए भी यह सर्वोत्तम समय है।
कार्यक्रम के मुख अतिथि डीएसपी श्री आकाश भारद्वाज करियर और अनुशासन पर विचार रखते हुए कहा कि अनुशासन, मेहनत और स्पष्ट लक्ष्य के माध्यम से वे अपने जीवन में सफलता पा सकते हैं। उन्होंने कहा, “सरकारी सेवा, विशेष रूप से पुलिस सेवा, समाज में बदलाव लाने का एक मजबूत माध्यम है। इसके लिए छात्रों को तैयारी के साथ-साथ मानसिक और नैतिक रूप से भी मजबूत होना होगा।”
उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के तरीकों, टाइम मैनेजमेंट और मानसिक संतुलन बनाए रखने के टिप्स भी साझा किए। साथ ही, उन्होंने कहा कि छात्र अपने जीवन में सकारात्मक सोच और राष्ट्रप्रेम को अपनाएं, तभी वे सच्चे अर्थों में समाज के लिए उपयोगी नागरिक बन सकते हैं।
खेल अधिकारी ने खेलों में करियर की संभावनाओं पर रोशनी डालते हुए वक्तव्य में बताया कि आज खेल केवल एक शौक नहीं, बल्कि एक सशक्त करियर विकल्प बन चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और सुविधाओं के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे खेलों को भी गंभीरता से लें और उनमें अपना भविष्य तलाशें। साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि खेलों से ना केवल शारीरिक विकास होता है बल्कि नेतृत्व, टीमवर्क और मानसिक मजबूती जैसे गुण भी विकसित होते हैं।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि श्री मनोज सिंघानिया ने अपने विचार रखते हुए युवाओं से समाज और राष्ट्र के कार्य मे लगने का आव्हान किया ।
इसके पश्चात एबीवीपी द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले युवाओं और छात्रों को सम्मानित भी किया गया। इस सम्मान समारोह ने छात्रों में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार किया।
कार्यक्रम का संचालन कु. स्वाति राज ने किया एवं आभार जिला संयोजक श्री अभिषेक गुप्ता ने व्यक्त किया । इस अवसर पर दुमका विभाग संगठन मंत्री श्री हिमांशु दुबे , नगर सह मंत्री विशाल गुप्ता, अमन सह, विवेक धर, नगर कार्यकारिणी सदस्य अनूप दत्ता, गौतम मोदी , करण कुमार, उदय कुमार, खेल संयोजक आदित्य जोशी,सोशल मीडिया प्रमुख शिवम् जायसवाल, sfd प्रमुख शुभम कुमार गुप्ता,आदित्य कुमार,मनीष मंडल, हेमंत ठाकुर अफशान खान,मोनिका कुमारी, नेमत कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं , शिक्षक , समाजसेवी उपस्थित रहे ।






