*आप सांसद ने स्कूल विलय होने पर लगाई शिक्षा की चौपाल, कहा एक भी स्कूल बंद नहीं होना चाहिये*
वन्दे भारत । कानपुर नगर।
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह महाराजपुर विधानसभा सरसौल के लक्ष्मणपुर गांव पहुंचे यहाँ उनका स्वागत आम आदमी पार्टी महाराजपुर विधानसभा के प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष सुधीर सिन्हा ने किया। उनके साथ सैकड़ों आम आदमी पार्टी के कार्यकर्त्ता मौजूद रहें। वहां सांसद संजय सिंह ने स्कूलों के विलय के विरोध में शिक्षा की चौपाल लगाई। उन्होंने ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के साथ मिलकर ‘स्कूल बचाओ’ के नारे लगाए और रैली निकाली। संजय सिंह ने कहा कि वे काफी समय से स्कूल बचाओ अभियान चला रहे हैं। उनकी मांग है कि प्रदेश में एक भी सरकारी स्कूल बंद नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि सरकार ने पहले चरण में फैसला लिया है कि 1 किलोमीटर से ज्यादा दूर के विद्यालयों का विलय नहीं किया जाएगा। साथ ही रेलवे लाइन या हाईवे पार करके जाने वाले स्कूलों को भी बंद नहीं किया जाएगा। लक्ष्मणपुर गांव के प्राइमरी स्कूल को 2 किलोमीटर दूर तुसौरा प्राइमरी स्कूल में विलय कर दिया गया है। इससे बच्चों और अभिभावकों को परेशानी हो रही है। सांसद ने चेतावनी दी कि अगर सरकार के आदेशानुसार यह विद्यालय अगले दिन से नहीं खुलेगा तो वहां आंदोलन होगा। उन्होंने भाजपा सरकार से मांग की कि सरकारी स्कूल बंद करने के बजाय नए स्कूल खोले जाएं। जिससे शिक्षा को बढ़ावा मिले और कोई भी अशिक्षित न रहे। संजय सिंह ने कहा कि उनकी पहली मांग है कि 1 किलोमीटर से दूर के विद्यालयों को तुरंत खोला जाए। दूसरी लड़ाई यह है कि प्रदेश में एक भी स्कूल बंद नहीं होना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान सांसद और उनके समर्थकों ने प्राइमरी विद्यालय के गेट के पास पहुंचकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। उनके साथ आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष अनुज शुक्ला, जिला महासचिव जितेंद्र वर्मा, महाराजपुर विधानसभा प्रभारी/जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व महापौर प्रत्याशी सुधीर सिन्हा, मुकेश झा, कृष्ण कुमार दीक्षित आदि सैकड़ों आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहें।