
पीलीभीत। कलीनगर तहसील क्षेत्र के गांव मथना जपती में बीती रात बाघ ने एक बछड़े को मार दिया। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई हैं। मथना जपती निवासी हरदीप सिंह के घर के पास खेत में बाघ ने शनिवार रात साढ़े 11 बजे गाय व बछड़े पर हमला बोल दिया जिसमें बाघ ने बछड़े को मार गिराया एवं उसे घसीटता हुआ पास ही चारे के खेत में ले गया। हमले के दौरान बछड़े के चिल्लाने की आवाज सुनकर हरदीप सिंह ने घर की छत पर चढ़कर टोर्च की रोशनी में देखा तो बाघ बछड़े को खा रहा था, जिस पर हरदीप सिंह ने इसकी सूचना वन विभाग व आस पड़ोस के घरों में दी। सुबह मथना वन चौकी के फॉरेस्टर बाबूराम एवं बाघ मित्र जमुना प्रसाद व कुछ वनकर्मी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने खेत से बछड़े का अधखाया शव बरामद किया। बाघ के पगचिन्ह भी ट्रेस किए। बाघ थोड़ी दूरी पर गन्ने से खेत से आया और वापस बछड़े का शिकार करने के बाद गन्ने के खेत में चला गया। बछड़े के अधखाये शव को चारे के खेत से हटा दिया गया। फॉरेस्ट बाबूराम ने घटना के आसपास के घरों के लोगों को सुरक्षा के लिहाज से सतर्क एवं वनकर्मियों द्वारा रात में घटनास्थल के आसपास गस्त करने की बात कही है।
किसान हरदीप सिंह का कहना है कि इस घटना के बाद किसानों के लिए खतरा बढ़ गया है। बाघ ने आज बछड़े को निवाला बनाया है, वहीं अब खेतों में काम करते समय किसी भी किसान व मजदूर पर भी हमला कर सकता है। बाघ कभी भी अप्रिय घटना को अंजाम दे सकता है।


