
सुपर संडे फुटबॉल मुकाबले में महुली ए की शानदार जीत, ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
महुली सोनभद्र(राकेश कुमार कन्नौजिया)_राजा बरियार शाह खेल मैदान महुली में रविवार को सुपर संडे फुटबॉल मुकाबला खेला गया। इस रोमांचक मैच में महुली ए और महुली बी टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। महुली ए टीम के शानदार खिलाड़ी जीतू सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए तीन गोल दागकर अपनी टीम को विजयी बनाया।
रेफरी की भूमिका नंदकिशोर कन्नौजिया ने निभाई। मैच के समापन पर विजेता एवं उपविजेता दोनों टीमों के खिलाड़ियों को महुली ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया और सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान अरविंद जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि –
“गांव के युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देने के लिए ऐसे आयोजन बहुत जरूरी हैं। खेल न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है बल्कि अनुशासन और टीम भावना भी सिखाता है। महुली के युवाओं ने आज जो खेल कौशल दिखाया, वह प्रशंसनीय है। पंचायत की ओर से आगे भी ऐसे खेल प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहन मिलता रहेगा।”
इस मौके पर पूर्व खिलाड़ी राजनाथ गोस्वामी, मुकेश कुमार कन्नौजिया, कमलेश विश्वकर्मा, वीरेंद्र कुमार कन्नौजिया सहित गांव के सम्मानित लोग उपस्थित रहे।
















