
जीविका दीदियाँ घर-घर पहुंचा रही हैं शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
जिला निर्वाचन पदाधिकारी कौशल कुमार ने किया जीविका दीदियों का उत्साहवर्धन
दरभंगा, 31 अक्टूबर 2025 (सीतेश चौधरी की रिपोर्ट) – दरभंगा जिले में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर मतदाता जागरूकता अभियान अब अपने चरम पर है। जीविका दीदियाँ घर-घर जाकर मतदाताओं से 06 नवंबर को शत-प्रतिशत मतदान करने की अपील कर रही हैं।
बिरौल बाजार स्थित प्रसाद चित्रालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी कौशल कुमार ने जीविका दीदियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जीविका महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बन चुकी है और अब यह लोकतंत्र की मजबूती में भी अहम भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि “हर घर तक मतदान का संदेश पहुँचाना ही जीविका दीदियों का लक्ष्य होना चाहिए।”
डीएम ने बताया कि जिले में मतदाता पर्चियों का वितरण पूरा हो चुका है। अब जरूरत है कि ऐसे मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया जाए जो हर बार मतदान से दूरी बनाते हैं। उन्होंने जीविका दीदियों से कहा कि वे न केवल स्वयं मतदान करें बल्कि दूसरों को भी मताधिकार के प्रयोग हेतु जागरूक करें।
कार्यक्रम में जिला परियोजना प्रबंधक डॉ. ऋचा गार्गी ने कहा कि लोकतंत्र की नींव मजबूत करने के लिए हर व्यक्ति को अपने मत का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने जीविका दीदियों से सात दिनों तक लगातार सघन अभियान चलाने और प्रवासी मतदाताओं को भी वोट डालने के बाद ही वापस लौटने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
सभा में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप कुमार झा, प्रखंड परियोजना प्रबंधक आमोद कुमार शर्मा, अंचलाधिकारी आदित्य शंकर, एवं जीविका टीम के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
जीविका दीदियों ने भी शत-प्रतिशत मतदान के लिए घर-घर अभियान चलाने और लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर नागरिक को मतदान हेतु प्रेरित करने का संकल्प लिया।




















