
सहारनपुर/गंगोह। मिशन शक्ति फेज–5.0 और राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा माह में गंगोह पुलिस का सशक्तिकरण अभियान तेज — चौपाल, जागरूकता, सुरक्षा व कानूनी परामर्श के माध्यम से महिलाओं में आत्मविश्वास व सुरक्षा भावना मजबूत
सहारनपुर/गंगोह। प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज 5.0 और राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा माह के तहत महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा, आत्मनिर्भरता और जागरूकता को लेकर थाना गंगोह पुलिस सक्रिय मोर्चे पर है। इसी क्रम में एंटी रोमियो टीम—महिला उपनिरीक्षक खुशबू, कांस्टेबल प्रीति व अनु तथा पीआरडी के कांस्टेबल विकास कुमार द्वारा ननौता चौक, बस स्टैंड, प्रमुख बाजार क्षेत्र, कोचिंग सेंटर्स और कॉलेज परिसर में महिला चौपाल लगाकर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। टीम ने महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों पर केंद्रित बातचीत की तथा कानूनों की विस्तार से जानकारी दी। महिला उपनिरीक्षक खुशबू ने छात्राओं को नए कानूनों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों जैसे पॉक्सो एक्ट, स्टॉकिंग, साइबर बुलिंग, अश्लील संदेशों/वीडियो के प्रसारण और ऑनलाइन फ्रॉड के खिलाफ कानूनी कार्यवाही की प्रक्रिया बताई। पुलिस ने महिलाओं से सामाजिक, व्यक्तिगत और प्रशासनिक समस्याएँ समझीं और तत्काल सम्भव मदद का आश्वासन देते हुए कहा कि कानून हमेशा उनके साथ है, उन्हें केवल आवाज बुलंद करनी है। टीम ने सरकारी योजनाओं जैसे विधवा पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्वावलंबन सम्बंधित कार्यक्रमों और गुड टच–बैड टच की अवधारणा के बारे में जागरूक किया, साथ ही बच्चों और किशोरियों को सुझाव दिया कि किसी भी अनुचित परिस्थिति में तुरंत माता–पिता और पुलिस से संपर्क कर मदद लें। इस दौरान महिलाओं को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर—1090 (महिला हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 1098 (बाल संरक्षण), 1930 (साइबर फ्रॉड शिकायत), 112 (आपातकालीन सेवा) याद रखने व जरूरत पड़ने पर तत्काल उपयोग करने का आग्रह किया गया। पुलिस टीम ने साइबर सुरक्षा जागरूकता पर विशेष जोर दिया और समझाया कि सोशल मीडिया पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें, संदिग्ध लिंक न खोलें, फेक कॉल/पेमेंट फ्रॉड से सावधान रहें और कोई भी साइबर अपराध होने पर देरी न करते हुए 1930 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएँ। गंगोह पुलिस के अनुसार उनका लक्ष्य केवल अपराधियों पर नकेल कसना ही नहीं, बल्कि महिलाओं और छात्राओं को इतनी सक्षम, जागरूक और आत्मविश्वासी बनाना है कि वे स्वयं अपनी और समाज की सुरक्षा में अहम भूमिका निभा सकें। पुलिस ने कहा कि गंगोह थाना क्षेत्र में महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से स्कूल–कॉलेज स्तर पर नियमित रूप से काउंसलिंग, अवेयरनेस और इंटरेक्शन अभियान जारी रहेगा ताकि हर महिला सुरक्षित महसूस करे और बिना भय के प्रगति पथ पर आगे बढ़े।
✍️ रिपोर्ट: एलिक सिंह, सहारनपुर | 📞 8217554053














