
चित्रसेन घृतलहरे, 07अक्टूबर 2025//कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने आज बरमकेला क्षेत्र के दौरे के दौरान तहसील कार्यालय एवं नगर पंचायत बरमकेला का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा कम पेशी में मामलों का निपटारा किया जाए।
कलेक्टर ने तहसील कार्यालय के माल जमादार, कानूनगो, नकल, भू-अभिलेख, खाद्य, स्थापना व नाजिर शाखाओं का निरीक्षण कर रिकॉर्ड के समुचित रख-रखाव एवं संधारण पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सरिया तहसील के रिकॉर्ड को नए भवन में स्थानांतरित किया जाए ताकि दस्तावेजों की सुरक्षा एवं पारदर्शिता बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान डॉ. कन्नौजे ने अपने प्रकरणों के लिए आए नागरिकों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दें और लोकसेवा केंद्रों में रिकॉर्ड को सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखें।
इसके पश्चात कलेक्टर ने नगर पंचायत बरमकेला का भी निरीक्षण किया और सीएमओ से नगर क्षेत्र की व्यवस्थाओं संबंधी जानकारी ली।
इस अवसर पर एसडीएम वर्षा बंसल, इंद्रजीत बर्मन (जिला पंचायत सीईओ), पुष्पेंद्र राज (तहसीलदार बरमकेला), कोमल प्रसाद साहू (नायब तहसीलदार), अजय पटेल (जनपद सीईओ), कमलेश कुमार मेहर (मनरेगा) तथा चक्रधर नायक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



