
बरोरा पुलिस ने राहगीरों की सूचना और सक्रियता के दम पर महज कुछ घंटों में मोटरसाइकिल चोरी की वारदात सुलझा ली। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुराईडीह बस्ती निवासी रतीलाल महतो ने गुरुवार शाम बरोरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी मोटरसाइकिल चोरी हो गई है। शिकायत मिलते ही बरोरा पुलिस हरकत में आई और इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया।
राहगीरों से मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध आनंद रजक को दबिश देकर पकड़ लिया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना कबूल कर ली। आनंद रजक मूल रूप से गया जिले का रहने वाला बताया जा रहा है।
चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी आनंद रजक को शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
बरोरा थाना प्रभारी ने बताया कि आम जनता के सहयोग से अपराधियों पर अंकुश लगाया जा रहा है और ऐसी त्वरित कार्रवाई से अपराधियों में दहशत है।









