A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेनिवाड़ीमध्यप्रदेश

निर्वाचक नामावलियों के प्रारूप प्रकाशन को लेकर कलेक्टर की अध्यक्षता में बैठक

दावे-आपत्तियां 23 दिसंबर से 22 जनवरी तक आमंत्रित

IMG 20251223 WA0049

निवाड़ी , भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली के निर्देशों के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती जमुना भिडे की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में निर्वाचक नामावलियों के प्रारूप प्रकाशन संबंधी जानकारी हेतु बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पत्रक-1 के अनुसार मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के अध्यक्ष/प्रतिनिधि एवं अन्य उपस्थित रहे। उपस्थित प्रतिनिधियों को प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन की जानकारी दी गई। बताया गया कि आमजन प्रारूप निर्वाचक नामावली का अवलोकन मतदान केन्द्रों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कार्यालय एवं अन्य चिन्हित स्थलों पर कर सकते हैं तथा अपने नाम की पुष्टि भी कर सकते हैं। यह प्रारूप निर्वाचक नामावली मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट www.ceoelection.mp.gov.in पर भी उपलब्ध है।

कलेक्टर ने बताया कि अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि वाले निर्वाचकों के नाम प्रारूप निर्वाचक नामावली में सम्मिलित नहीं किए गए हैं। ऐसे निर्वाचकों की सूची संबंधित पंचायत भवनों, नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायत कार्यालयों के सूचना पटल पर तथा सीईओ की वेबसाइट पर प्रदर्शित की गई है। जिले के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्रों में गणना अवधि के दौरान 5,539 मृत, 1,267 दोहरी प्रविष्टि, 3,372 अनुपस्थित तथा 9,709 स्थानांतरित सहित कुल 19,893 निर्वाचक चिन्हित किए गए, जिनकी सूची पूर्व में मतदान केन्द्रवार BLO एवं BLA बैठकों में साझा की जा चुकी है।

बैठक में अवगत कराया गया कि प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के उपरांत दावे-आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक प्रस्तुत की जा सकेंगी। वहीं 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक दावे-आपत्तियों की जांच, नोटिस जारी करने एवं निराकरण की कार्यवाही की जाएगी। सभी मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों को प्रारूप निर्वाचक नामावली की हार्ड कॉपी एवं मतदान केन्द्रों की सूची भी उपलब्ध कराई गई।

उपस्थित प्रतिनिधियों से अपील की गई कि छूटे हुए पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने हेतु प्रपत्र-6, अयोग्य व्यक्तियों के नाम हटाने हेतु प्रपत्र-7 तथा प्रविष्टियों में सुधार हेतु आमजन को आवेदन करने में सहयोग करें। BLA के माध्यम से प्रतिदिन अधिकतम 10 आवेदन सूची सहित प्रस्तुत किए जा सकेंगे। राज्य से बाहर से स्थानांतरित निर्वाचकों के प्रकरण में घोषणा पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने विशेष रूप से उन पात्र युवाओं को प्रेरित करने का आह्वान किया, जो 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, ताकि उनका नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित किया जा सके।

फोटो निर्वाचक नामावली के अनुसार 23 दिसंबर 2025 की स्थिति में जिले में कुल 4,01,334 मतदाता दर्ज हैं। अंत में सभी से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के सफल क्रियान्वयन में सहयोग कर निर्वाचक नामावलियों को शुद्ध बनाने की अपील की गई, जिससे मजबूत लोकतंत्र और सबकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

Back to top button
error: Content is protected !!