

निवाड़ी, जिला पंचायत निवाड़ी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहन सक्सेना ने आज निर्माणाधीन नवीन कलेक्ट्रेट भवन का गहन निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण एजेंसी को स्पष्ट निर्देश दिए कि गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता किए बिना कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
निरीक्षण के दौरान श्री सक्सेना ने भवन की विभिन्न शाखाओं, कक्षों तथा बाहरी परिसर की संरचना का सूक्ष्मता से अवलोकन किया। उन्होंने शेष फिनिशिंग एवं तकनीकी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। साथ ही, निर्माण में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता एवं संरचनात्मक मजबूती में शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
सीईओ ने कार्यालयीन व्यवस्थाओं को इस प्रकार नियोजित करने के निर्देश दिए कि आगंतुकों एवं कर्मचारियों को एक सुलभ, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक वातावरण प्राप्त हो सके।
इस अवसर पर श्री सक्सेना ने कहा कि
“नवीन कलेक्ट्रेट भवन के क्रियाशील होने से जिले की प्रशासनिक व्यवस्थाएं अधिक व्यवस्थित और सशक्त होंगी। एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की उपलब्धता से आम नागरिकों के कार्यों में पारदर्शिता एवं गति आएगी।”






