A2Z सभी खबर सभी जिले की

पोषण पखवाड़ा अंतर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम सम्पन्न

पोषण के प्रति जागरूकता आवश्यक-मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया

IMG 20260423 WA0005 IMG 20260423 WA0003नीमच/झाबुआ, 22 अप्रैल 2026। पोषण अभियान अंतर्गत 9 अप्रैल से 23 अप्रैल तक आयोजित किए जा रहे पोषण पखवाड़ा के तहत आज जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया की अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कविता सिंगार, कलेक्टर डॉ. योगेश भरसट एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत कन्या पूजन कर कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की गई।

महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि पोषण पखवाड़ा का आयोजन समाज में पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष किया जाता है। इस वर्ष की थीम 0 से 6 वर्ष तक के बच्चों के बौद्धिक एवं मानसिक विकास पर केंद्रित है, जो जीवन की अत्यंत महत्वपूर्ण अवस्था होती है। विभाग इस आयु वर्ग के बच्चों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दे रहा है।

उन्होंने कहा कि बच्चे का विकास गर्भावस्था से ही प्रारंभ हो जाता है, इसलिए गर्भवती माताओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार के प्रति जागरूक करना आवश्यक है, विशेषकर जनजातीय क्षेत्रों में। कुपोषण केवल आर्थिक स्थिति से नहीं, बल्कि आहार की गुणवत्ता से जुड़ा विषय है। संतुलित आहार में सभी आवश्यक पोषक तत्वों का समावेश होना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि बदलती जीवनशैली एवं फास्ट फूड की प्रवृत्ति के कारण शहरी एवं ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में कुपोषण बढ़ रहा है। पशुपालन में कमी के कारण दूध एवं दुग्ध उत्पादों की उपलब्धता भी प्रभावित हुई है, जिस पर ध्यान देने की आवश्यकता है।

उन्होंने कृषि में उर्वरकों एवं कीटनाशकों के अत्यधिक उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हमें प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर चलना होगा। साथ ही, महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु संचालित विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर महिलाओं को निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी दी गई है।

कलेक्टर डॉ. योगेश भरसट ने कहा कि देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और इस विकास यात्रा में नारी शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं और समाज को नई दिशा दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि एक शिक्षित महिला पूरे परिवार और समाज को आगे बढ़ाती है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में नारी शक्ति की भूमिका अहम है।

कलेक्टर ने कहा कि पोषण पखवाड़ा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि एक महत्वपूर्ण पहल है, जो हमें कुपोषण से निपटने और सही पोषण के प्रति जागरूक करता है। उन्होंने माताओं से बच्चों के प्रारंभिक वर्षों में संतुलित आहार पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान ने बताया कि पोषण पखवाड़े के दौरान विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता का वातावरण तैयार किया गया। नारी शक्ति वंदन अभियान के अंतर्गत किए गए कार्यों से महिलाओं का मनोबल बढ़ा है तथा उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हुई है।

*उत्कृष्ट कार्य करने वाली नारी शक्ति एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सम्मानित*
कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रबुद्धजन नारी शक्ति एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में प्रोफेसर डॉ. प्रीति एस. त्रिपाठी, भारती सोनी, वंदना व्यास, अंजु राठौर, प्रीति चौहान, डॉ. आरती रावत, जयंती दीदी, आरती भूरिया, उप निरीक्षक अनिता तोमर, परियोजना अधिकारी राखी बारिया एवं पायल पाल शामिल रहे।

इसके साथ ही पोषण पखवाड़ा के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं अनिता गणावा, अंतिमबाला सोनी, रंजना बैरागी, सुरेखा चौहान, शोभा डामोर, भावना भूरा, बसंती प्रजापत, मंजुला भाबोर, अर्पिता गहलोद, ज्योति सिंगाड़, सुनीता कटारा एवं शारदा वास्केल को भी सम्मानित किया गया।

अंत में मुख्य अतिथियों के द्वारा पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का मंचन किया गया।

इस दौरान सहायक कलेक्टर श्री आशीष कुमार, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री महेश मण्डलोई, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री आर एस बघेल एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

[yop_poll id="10"]
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!