
सागर। वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* पुलिस द्वारा अवैध हथियार रखने एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोतीनगर पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। थाना मोतीनगर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए एक आरोपी को अवैध देशी पिस्टल एवं जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। दिनांक 22/05/2026 को थाना मोतीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि न्यू भोपाल बस स्टैंड के पीछे भोपाल रोड स्थित भगतसिंह वार्ड क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना प्राप्त होते ही थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हुई तथा बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस टीम एवं उपस्थित गवाहों की सहायता से घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मोहन उर्फ बबलू साहू पिता बृजलाल साहू उम्र 59 वर्ष निवासी राजीवनगर वार्ड थाना मोतीनगर सागर बताया। आरोपी की तलाशी लेने पर उसके कब्जे से कमर में खोंसी हुई एक देशी मैगजीन युक्त पिस्टल एवं पेंट की जेब से एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ, जिसकी कुल कीमत लगभग 15,100 रुपये है। आरोपी से उक्त हथियार एवं कारतूस रखने के संबंध में वैध लाइसेंस मांगा गया, जो वह प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस द्वारा मौके पर ही विधिवत कार्यवाही करते हुए अवैध पिस्टल एवं कारतूस जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध थाना मोतीनगर में धारा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। उक्त कार्यवाही पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के नेतृत्व में संपन्न हुई। पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत ने सक्रिय नेतृत्व करते हुए टीम के साथ तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय दिया। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई कर अवैध हथियार सहित आरोपी को गिरफ्तार कर संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोकने में सफलता प्राप्त की गई। सागर पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि अवैध हथियार रखने अथवा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।






