
मोदी सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर बैरिया में जागरूकता शिविर आयोजित
ब्लॉक प्रमुख डॉ. मधु सिंह ने गिनाईं मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियां
बैरिया (बलिया)। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड बैरिया परिसर में सोमवार को जागरूकता एवं जनसंवाद शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और आमजन को मिल रहे लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख डॉ. मधु सिंह रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुशील पाण्डेय ने तथा संचालन हरिकचन सिंह ने किया।
मुख्य अतिथि डॉ. मधु सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि तथा जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।
डॉ. मधु सिंह ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास और जनकल्याण की नई ऊंचाइयों को छुआ है। सरकार की नीतियों का लाभ गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा तक पहुंचा है। आज भारत आत्मनिर्भरता और वैश्विक नेतृत्व की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। हम सभी का दायित्व है कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं की जानकारी हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी लाभार्थी वंचित न रह जाए।”
विशिष्ट अतिथि जयप्रकाश साहू ने कहा कि मोदी सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को अपनी प्राथमिकता बनाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
प्रधान संघ के अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग को मिल रहा है और इससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास की नई तस्वीर उभर रही है। खण्ड शिक्षा अधिकारी पंकज मिश्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शिक्षा क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हुए हैं। नई शिक्षा नीति, डिजिटल शिक्षा और विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षण वातावरण मिल रहा है। जागरूकता शिविर के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना हमारा उद्देश्य है।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। उपस्थित नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया तथा पात्रता संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी बैरिया आदित्य प्रताप सिंह, स्वास्थ्य केंद्र कोटवा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ बलवंत सिंह,,खंड पंचायत अधिकारी बैरिया, कृषि अधिकारी सुशील यादव, भाजपा नेता अरविंद सिंह सेंगर, भाजपा नेता सी.बी. मिश्रा, प्रधान प्रतिनिधि रवि सिंह, प्रधान शुभम सिंह, प्रधान प्रतिनिधि राकेश यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं पदाधिकारी, क्षेत्रीय कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
























