
सागर। वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* मकरोनिया नगर पालिका परिषद मकरोनिया द्वारा 16 से 18 जून तक आयोजित तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर के द्वितीय दिवस संत रविदास मंगल भवन मकरोनिया में हितग्राहियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया तथा नागरिकों से संवाद कर उन्हें शासन की जनहितकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। विधायक लारिया ने कहा कि जन कल्याण शिविर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की जनसेवा और सुशासन की भावना का सशक्त उदाहरण हैं। शासन की मंशा है कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि शासन स्वयं उनके द्वार तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का निराकरण करे और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो रही हैं, जिससे आमजन का समय, श्रम एवं संसाधनों की बचत हो रही है। जन कल्याण शिविर शासन और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने के साथ-साथ विकास की प्रक्रिया को भी गति प्रदान कर रहे हैं। पात्र हितग्राहियों को प्रमाण पत्र, पेंशन, आवास, राजस्व, सामाजिक सुरक्षा एवं अन्य योजनाओं का लाभ त्वरित रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके सकारात्मक परिणाम क्षेत्र में स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। लारिया ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार का संकल्प है कि समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याण की किरण पहुंचे। जन कल्याण शिविर इसी संकल्प को साकार करने का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं तथा आमजन के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन ला रहे हैं। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मिहीलाल अहिरवार, मुख्य नगरपालिका अधिकारी पवन शर्मा, पार्षदगण, एल्डरमैन, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, मातृशक्ति सहित बड़ी संख्या में हितग्राही उपस्थित रहे।






