
एक पेड़ माँ के नाम अभियान के तहत कंकू विजय कॉलेज में पौधारोपण
मातृ सम्मान के साथ पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
पाली, 8 जुलाई। राज्य सरकार के ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत कंकू विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बुधवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के साथ मातृशक्ति के सम्मान का संदेश देना रहा।
कंकू विजय कॉलेज ऑफ एजुकेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अंजना अरोड़ा, प्रवीण द्विवेदी, प्रीति परिहार, प्रदीप जोशी, दिनेश बावल, नेमीचंद जैन सहित महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने अपनी माताओं के सम्मान में पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और वृक्षों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
महाविद्यालय प्रबंधन श्री अभिषेक जैन ने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति और मातृशक्ति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का एक सार्थक प्रयास है। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण से जुड़े ऐसे जनहितकारी कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहेगा।







