

भाटखेड़ी: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम भाटखेड़ी में शनिवार को राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। सुबह से ही पूरे गांव में उत्साह का माहौल रहा। स्कूली बच्चे पूर्ण गणवेश में घोष की धुन के साथ हाथों में तिरंगा लेकर भव्य रैली में शामिल हुए, जिसने पूरे गांव में राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
तिरंगा रैली का ग्रामीणों ने जोरदार स्वागत किया। रैली के दौरान गांव के विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साह बढ़ाया और देशभक्ति के नारों से गांव का वातावरण गूंज उठा। रैली शासकीय हाई स्कूल मैदान पहुंची, जहां ग्राम पंचायत के युवा सरपंच मनोज पुरोहित ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद सभी ने राष्ट्रगान गाकर वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। प्राचार्य लिमा मैडम और गुलाटी मैडम ने कार्यक्रम का संचालन और आयोजन प्रभावी ढंग से किया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें ग्रामीणों ने खूब सराहा। बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा, बुजुर्ग और महिलाएं समारोह में शामिल हुए और पूरे आयोजन में देशभक्ति, उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा





