
प्रदेश के भिंड जिले में स्थित नेशनल हाईवे 719 पर गोहद चौराहा थाना क्षेत्र के छीमका गांव के पास देर रात एक लोडिंग वाहन की ट्रक से जोरदार टक्कर में 8 लोगों की मौत हो गई जबकि 22 लोग घायल हुए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को गोहद स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया। जहां से गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
दरअसल प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्वालियर जिले के डबरा के पास चिनोर गांव में धान रोपाई का काम करने के बाद उत्तर प्रदेश के पछगवां, लखीमपुर खीरी एवं आसपास के गांवों के रहने वाले मजदूर लोडिंग वाहन में सवार होकर अपने-अपने गांव वापस जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे 719 पर छीमका गांव के पास मध्य रात्रि 12 बजे के करीब सामने से आ रहे ट्रक से लोडिंग वाहन की जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क पर बैठी गायों को बचाने के चक्कर में यह हादसा हुआ है। दोनों ही वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी, ऐसे में भीषण भिड़ंत में लोडिंग में सवार पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़
दिया। जबकि घटना की सूचना मिलते ही गोहद चौराहा थाना प्रभारी रामनरेश यादव ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और डायल 108 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही डायल 108 एम्बुलेंस प्रभारी प्रभांशु दुबे द्वारा तुरन्त 5 डायल 108 एम्बुलेंस मौके पर भेजी गईं। जिसके बाद डायल 112 वाहन और 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को गोहद अस्पताल भिजवाया गया। जहां से कई की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ग्वालियर रेफर कर दिया गया, जिसमें से तीन लोगों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। कुछ मजदूरों की स्थिति अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
हादसा इतना गंभीर था कि लोडिंग वाहन के परखच्चे उड़ गए और उसका आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा र
ही है।



