
सीकर. सीकर सदर थाना पुलिस ने मंगलवार को महिला पटवारी को सरकारी काम के दौरान पिस्तौल दिखाकर फंसाने की धमकी देने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी महेंद्र फोगावत तासर छोटी का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से पिस्तौल भी बरामद की है। थानाधिकारी इंद्राज मरोडिया ने बताया कि श्यामपुरा की पटवारी सुशीला कुमारी तहसीलदार कार्यालय के आदेश पर गांव ताजसर खेजड़ोलियां की चरागाह भूमि पर अतिक्रमण को चिह्नित कर रिपोर्ट तैयार करने गई थी। इस दौरान खेजड़ोलियां निवासी नरेंद्र सिंह ने अपने साथी महेंद्र फोगावत व मुकेश को मौके पर बुला लिया। आरोपी ने महिला पटवारी को पिस्तौल दिखाकर धमकाया और साजिश के तहत फंसाने की धमकी दी। साथ ही आरोपी ने महिला पटवारी के साथ गाली-गलौज कर सरकारी काम में बाधा डाली। महिला पटवारी ने घटना का वीडियो फोन पर रिकॉर्ड कर लिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने पर आरोपी की तलाश कर रही पुलिस ने आरोपी को ताजसर छोटी के रास्ते में हथियारों के साथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ कई 10 मामले दर्ज हैं। आरोपी महेंद्र की गिरफ्तारी में थानाधिकारी इंद्राज मरोडिया, एएसआई राजेश कुमार व नरेश कुमार के साथ कांस्टेबल नेमीचंद व धन्नालाल की विशेष भूमिका रही।








