
शोहरतगढ़। नगर पंचायत शोहरतगढ़ क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति व्यवस्था इन दिनों बदतर है। कहने को तो 18 घंटे बिजली सप्लाई का रोस्टर है, लेकिन 12 घंटे भी सुचारू आपूर्ति नहीं मिल पा रही है। रात में बिजली की सप्लाई आंख मिचौली करने से नागरिकों में त्राहि-त्राहि मची रहती है। 15 दिनों से रात के समय लो-वोल्टेज की समस्या भी रहती है।
जेई व विद्युत विभाग के कर्मचारियों का फोन न उठने पर कई लोगों ने आवाज उठाई है। बिजली की बेहतर आपूर्ति लोगों को राहत दे सकती है। लेकिन इन दिनों व्यवस्था बदहाल है। कब फाल्ट की समस्या पैदा हो जाए और कब अघोषित कटौती, कुछ पता नहीं है। छोटी-छोटी गड़बड़ी ठीक करने में कई-कई घंटे लग जाते हैं। इस दौरान कस्बे के अभय सिंह, विष्णु कुमार उमर, श्यामसुंदर चौधरी, अरमान अंसारी, निलेश चौधरी, चंदन पांडेय, शैलेश वर्मा, सलमान इदरीसी, अमन वर्मा आदि ने विद्युत कटौती व लो वोल्टेज की समस्या के समाधान की करवाने की मांग है।






