

रिपोर्टर इन्द्र जीत
लोकेशन कालावाली
कालांवाली में बड़ी चोरी: सूने घर से 12 तोले सोना, 25 तोले चांदी और नकदी ले उड़े अज्ञात चोर
कालांवाली। क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर लगाम लगाने के दावों के बीच एक और बड़ी घटना सामने आई है। गांव कालांवाली में बीती रात अज्ञात चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों के आभूषण और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर घर से करीब 12 तोले सोना, 25 तोले चांदी और लगभग 25 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार गांव कालांवाली निवासी सुरेश कुमार पुत्र सही राम जोशी (जोशी साऊंड सर्विस) का परिवार बीमार होने के कारण चंडीगढ़ इलाज के लिए गया हुआ था। उनके पुत्र शेखर ने बताया कि पिता की तबीयत खराब होने के चलते पूरा परिवार सुबह करीब 11 बजे घर से चंडीगढ़ के लिए रवाना हो गया था। परिवार के साऊंड सर्विस व्यवसाय के चलते रात में दुकान पर काम करने वाला कर्मचारी दो पिकअप गाड़ियों को घर में खड़ा कर करीब 8 बजे वापस चला गया था। उस समय तक घर में सब कुछ सामान्य था।
परिवार जब अगले दिन रात करीब 11 बजे वापस लौटा तो घर का नजारा देख कर सन्न रह गया। मुख्य गेट लांघकर घर में घुसे चोरों ने अंदर के कमरों के दरवाजे तोड़ दिए थे। अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था और जेवरात व नकदी गायब थी। घटना की सूचना तुरंत थाना कालांवाली में दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जिला डबवाली से विशेष टीम को भी बुलाया गया है। विशेष टीम के इंचार्ज रामफल के निर्देशन में मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल कर रही है।
इंचार्ज रामफल ने आश्वासन दिया कि तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय इनपुट के आधार पर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। इधर, वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और रात्रि सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।





