
झांसी में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के 223 पदों पर सीधी भर्ती करेगी सरकार
झांसी। बाल विकास परियोजनाओं को तेज गति से क्रियान्वित करने के मकसद से सरकार झांसी जिले में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के रिक्त पदों पर सीधी भर्ती करने जा रही है। झांसी में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के 223 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया इस महीने शुरू की गई है। इस भर्ती प्रक्रिया के पूर्ण हो जाने के बाद जिले में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की संख्या बढ़कर 1361 हो जाएगी। वर्तमान समय में जिले में 1138 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां कार्यरत हैं।
जनपद के 8 विकास खंडों एवं शहरी क्षेत्र के लिए रिक्त पदों पर कार्यकत्रियों की भर्ती होनी है। विकास खंड बबीना में 13, बड़ागांव में 35, बामौर में 36, बंगरा में 17, चिरगांव में 25, गुरसराय में 12, मऊरानीपुर में 28 और मोठ में 30 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनके अलावा झांसी के शहरी क्षेत्र में 27 पदों पर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की नियुक्ति की जानी है। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मुख्य काम गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव पूर्व देखभाल और नवजात शिशुओं और माताओं की देखभाल और निगरानी करना है। इसके अलावा 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों को पूरक पोषण का वितरण, बच्चों और महिलाओं के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच की निगरानी के अलावा शासन की कई योजनाओं को लाभार्थियों तक पहुंचाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का कार्य करती हैं।
झांसी के जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश राजपूत ने बताया कि जनपद में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के रिक्त 223 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू हुई है। रिक्त पदों के लिए 7 सितम्बर 2026 तक विभागीय वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे। आवेदन सिर्फ महिला अभ्यर्थी कर सकेंगी और उनकी आयु 18 से 35 वर्ष तक होनी चाहिए। रिक्त पद के सापेक्ष उस वार्ड या ग्राम सभा की स्थायी निवासी महिला ही आवेदन की पात्र होंगी। न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट एवं अधिकतम शैक्षिक योग्यता परास्नातक के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी।

