
इटवा में फसल अवशेष प्रबंधन पर आयोजित हुआ कार्यक्रम
दुष्प्रभावों पर हुई चर्चा, मेधावियों को किया गया सम्मानित
सिद्धार्थनगर के इटवा में कृषि विज्ञान केन्द्र सोहना सिद्धार्थनगर द्वारा खुनियांव ब्लाक के काशीनाथ महाविद्यालय करौंदा खालसा में फसल अवशेष प्रबंधन पर एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को फसल अवशेष प्रबंधन के महत्व के बारे में बताया गया और इसके दुष्प्रभावों से बचने के उपायों के बारे में जागरूक किया गया।
प्रतियोगिताओं के जरिए दिया गया संदेश
कार्यक्रम के दौरान निबंध, पेंटिंग और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें छात्रों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। निबंध प्रतियोगिता में शिवांशी चौधरी ने प्रथम, अर्चना चौधरी ने द्वितीय और अंकिता अग्रहरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पेंटिंग प्रतियोगिता में राजमती को प्रथम, साक्षी सिंह को द्वितीय और संजय गौतम को तृतीय स्थान मिला। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में ज्योति प्रजापति ने प्रथम, रीमा निषाद ने द्वितीय और शिवा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को मोमेंटो और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
फसल अवशेष जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों पर चर्चा
केंद्र के वरिष्ठ प्रसार वैज्ञानिक डा. शेष नारायण सिंह ने छात्रों को फसल अवशेष जलाने के दुष्प्रभावों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि फसल अवशेष जलाने से मृदा में कार्बनिक पदार्थ की मात्रा कम हो जाती है, जिससे मृदा के सूक्ष्म जीवों पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
फसल अवशेष प्रबंधन के उपाय
कार्यक्रम में मृदा वैज्ञानिक डा. प्रवेश कुमार ने कहा कि फसल अवशेष जलाने से मृदा का स्वास्थ्य खराब होने के साथ-साथ पर्यावरण भी प्रदूषित हो रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फसल अवशेषों को खेत में डिकंपोजर की सहायता से सड़ाकर उपयोग करें और कृषि यंत्रों जैसे हैपी सीडर, मल्चर, रोटावेटर, सुपर सीडर, और स्मार्ट सीडर का उपयोग करके अवशेषों का प्रबंधन करें। साथ ही, बच्चों को बताया कि वे अपने गांवों में किसानों को फसल अवशेष जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में जागरूक करें।
कार्यक्रम में इनकी रही उपस्थिति
इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक राजेश प्रसाद अग्रहरी, दीपनरायन सिंह, विजय तिवारी, पिंटू चौधरी, महाविद्यालय का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।









