
आगरा में स्कूल-काॅलेज आते-जाते मनचले परेशान करे, राह चलते रास्ता रोके तो डरें नहीं बस एक पत्र लिखकर सहायता पेटिका में डाल दें। पुलिस सहायता करेगी न सिर्फ मनचलों को सबक सिखाएगी, जेल भी भेजेगी।
आगरा में छात्राओं से हो रही छेड़छाड़ की घटना के बाद पुलिस ने गर्ल्स काॅलेजों में सहायता पेटिका लगाई हैं। इसका उद्धघाटन मंगलवार को बीडी जैन महाविद्यालय से किया गया। कार्यक्रम में डीसीपी सिटी सूरज राय ने छात्राओं से संवाद कर दो छात्राओं को बुलाकर पेटिका का शुभारंभ कराया गया। डीसीपी ने छात्राओं से कहा कि कोई भी समस्या होने पर बेझिझक वह अपनी शिकायत पेटिका में डाल सकती हैं। पेटिका में आने वाले शिकायत पत्रों को एक पुलिसकर्मी रोजाना देखेगा।
पेटिका को थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के स्कूल और काॅलेज में स्थापित करेंगे। इनकी समीक्षा की जाएगी। काॅलेज प्राचार्य वंदना अग्रवाल ने कहा कि शिकायत पेटिका से कुछ हद तक छात्राओं को मदद मिलेगी।
इसके अलावा शहर में प्रत्येक स्कूल और कालेज पर एंटी रोमियो स्क्वैड की ड्यूटी लगाई जा रही है। इस पर एसीपी महिला सुरक्षा से रिपोर्ट भी मांगी गई है। यह दल अलग से कार्य करेगा। काॅलेजों की शुरूआत और छुट्टी के समय विशेष रूप से तैनात रहेंगे।
बीडी जैन में पेटिका लगने पर अधिकारी भी आए थे। इस पर छात्राओं ने बताया कि जब वो छुट्टी होने के बाद घर जाती हैं तो कुछ मनचले पीछा कर रास्ता रोकते हैं। दो दिन पहले ही कंपनी गार्डन के पास एक छात्रा को पांच युवकों ने रोक लिया था। वह किसी तरह उनसे बचकर घर पहुंची थी। उन्होंने पुलिस से कोई शिकायत नहीं की। घटना के बारे मैं अपनी शिक्षिका को ही बताया था। इस मामले में डीसीपी ने जांच के आदेश दिए हैं।






