उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में भीषण आग, 200 मरीज सुरक्षित निकाले… बुजुर्ग की मौत

 

लखनऊ के लोकबंधु अस्पताल में भीषण आग, 200 मरीज सुरक्षित निकाले… बुजुर्ग की मौत

लखनऊ, 15 अप्रैल 2025:

IMG 20250415 WA0008 860x488 1

यूपी की राजधानी लखनऊ के आशियाना इलाके में स्थित एक बड़े सरकारी अस्पताल (लोकबंधु अस्पताल) में सोमवार रात भीषण आग लग गई। आग की खबर मिलते ही अस्पताल में अफरातफरी मच गई। मरीज और उनके परिजन इधर-उधर भागने लगे। अस्पताल कर्मियों, डॉक्टरों और तीमारदारों ने मिलकर करीब 200 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला।

फायर ब्रिगेड की टीम के पहुंचने तक आग और भी वार्डों में फैल चुकी थी। धुएं और अंधेरे के बीच मरीजों को मोबाइल व टॉर्च की रोशनी में निकाला गया। बताते हैं कि आग की शुरुआत अस्पताल की दूसरी मंजिल से हुई, जहां आईसीयू और महिला मेडिसिन वार्ड स्थित हैं। दोनों वार्डों में उस समय करीब 55 मरीज भर्ती थे। अन्य वार्डों में भी मरीज भर्ती थे।

आईसीयू में भर्ती बुजुर्ग की जान गई

हादसे में 61 वर्षीय रामकुमार प्रजापति की मौत हो गई। उन्हें 12 अप्रैल को सांस की तकलीफ के कारण ICU में भर्ती किया गया था। आग लगने के कारण ऑक्सीजन आपूर्ति बाधित हो गई थी, जिससे उनकी जान चली गई। आग लगने के बाद उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

आग लगने के कारणों का आधिकारिक रूप से पता नहीं चला है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग इतनी तेज थी कि अस्पताल के कई हिस्सों में घना धुआं भर गया था। स्थिति को देखते हुए अस्पताल की बिजली आपूर्ति काट दी गई, जिससे चारों ओर अंधेरा फैल गया और रेस्क्यू में कठिनाई आई।

अन्य अस्पतालों में शिफ्ट किए गए मरीज

लोकबंधु अस्पताल के विभिन्न वार्डों से सुरक्षित निकाले गए मरीजों को लखनऊ के सिविल, बलरामपुर, केजीएमयू, लोहिया और अन्य सरकारी अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया। सभी स्थानों पर मरीजों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी जा रही है। लोकबंधु अस्पताल को पूरी तरह खाली करा लिया गया है।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक पहुंचे घटनास्थल

घटना की सूचना मिलते ही डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और राहत कार्यों का जायज़ा लिया। डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं। कहा कि डेढ़ माह पहले की गई मॉक ड्रिल के चलते रेस्क्यू में मदद मिली। सभी मरीजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया है।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान, मौके पर भेजी एसडीआरएफ टीम

हादसे की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अधिकारियों से तत्काल बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली और एसडीआरएफ को मौके पर भेजने का निर्देश दिया। उन्होंने घटना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच और राहत कार्यों में तेजी लाने के आदेश दिए हैं।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!