
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। कुदरहा PHC में डॉक्टर नहीं:दर्जनों गांवों के मरीजों को जाना पड़ रहा जिला अस्पताल, प्रभारी डॉक्टर बोले- दो दिन में डॉक्टर आ जाएंगे।।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर परेशान मरीज।
बस्ती जिले के कुदरहा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थाई डॉक्टर नहीं होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह पीएचसी कुदरहा ब्लॉक के कई गांवों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं का मुख्य केंद्र है।
दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से आने वाले मरीज संजय यादव, रजनीश, शिवम, संजय चौधरी, संध्या और सुप्रिया इलाज के लिए भटक रहे हैं। डॉक्टर की अनुपस्थिति में केवल फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ मौजूद रहते हैं। वे गंभीर मामलों को नहीं संभाल पाते।
मरीजों को मामूली उपचार के लिए भी जिला अस्पताल या निजी क्लीनिकों में जाना पड़ता है। इससे उनका अतिरिक्त खर्च और समय दोनों बर्बाद होता है। स्थानीय निवासियों ने स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन से कई बार शिकायत की है। लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
गर्भवती महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहे हैं। कई बार मरीजों को बिना इलाज लौटना पड़ता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा के प्रभारी डॉक्टर फैज वारिस ने बताया कि एक या दो दिन में डॉक्टर आ जाएंगे।