A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

महिलाओं के विकास से ही देश का विकास संभव – मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत

सागर। वंदे भारत लाईव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664- माताओं, बहनों के स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए सरकार के पास पैसों की कमी नहीं है एवं माताएं, बहने परिवार और राष्ट्र की धुरी हैं, महिलाओं के विकास से ही देश का विकास संभव है। उक्त विचार खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार कार्यक्रम में जिला स्तरीय आयोजन में जिला चिकित्सालय परिसर में व्यक्त किये। इस अवसर पर नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, संभाग कमिश्नर अनिल सुचारी, कलेक्टर संदीप जी आर, संयुक्त संचालक डॉ नीना गिड़ीयन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ ममता तिमोरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे। मंत्री राजपूत ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक मध्यप्रदेश सरकार के द्वारा सेवा पखवाड़ा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान का राष्ट्रीय व्यापी शुभारंभ किया जा रहा है जिसके तहत सागर जिला चिकित्सालय में भी इस स्वस्थ नारी सशक्त परिवार एवं ब्लड डोनेशन अभियान का आज शुभारंभ हुआ है। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि हमारे देश की तस्वीर और तकदीर बदलने वाले प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में बृहद एवं राष्ट्रव्यापी सेवा पखवाड़ा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि साल 2014 के बाद देश का अद्भुत विकास हुआ है। भारत सिर्फ आंकड़ों में ही नहीं असल में विश्वगुरु बन रहा है। सारी दुनिया हमारे देश को विश्वगुरु बनता देख रही है। हमारे प्रधानमंत्री ने गांव, शहर, प्रदेश, देश और विश्व में एक नई ऊर्जा का संचार किया है। यह हमारे प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन और दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि भारत आज विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से एक बन गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2047 तक विकसित भारत की परिकल्पना के संकल्प में स्वास्थ्य एवं स्वस्थ भारत सबसे पहली कड़ी है। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान, महिला, बच्चों और युवाओं के लिए प्रधानमंत्री ने जो नवाचार किए हैं वह सराहनीय है। आयुष्मान भारत जैसी योजना से लाखों लोगों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। बड़ी-बड़ी बीमारियों का इलाज आसानी से हो रहा है। मंत्री राजपूत में आगे कहा कि हमारी माताएं, बहने स्वस्थ होगी तो परिवार स्वस्थ होगा। स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान विशेष तौर पर हमारी माताओं, बहनों की स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं को दूर करने के लिए आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर सागर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने कहा कि स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार महिला स्वास्थ्य पर जागरूकता अभियान देश का बड़ा अभियान है। इसके माध्यम से हमारी माताओं,ं बहनों के स्वास्थ्य की सभी प्रकार की जांच हो सकेगी और वो भी निःशुल्क। श्रीमती वानखेड़े ने कहा कि जब महिलाएं स्वस्थ होती हैं, तभी वे अपने परिवार का सही मार्गदर्शन और पालन-पोषण कर सकती हैं। महिलाओं को अपनी सेहत को प्राथमिकता देनी चाहिए, यह खुद के साथ-साथ परिवार के लिए भी जरूरी है। सरकार ने भी मातृ स्वास्थ्य को प्राथमिकता में रखते हुए योजनाएं चलाई हैं जैसे प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान भारत योजना और जननी सुरक्षा योजना। इन योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं को निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर सशक्त बनाना है।
विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि सागर के लिए आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है जब सागर स्वास्थ्य की दिशा में लगातार प्रगति कर रहा है और हमारे प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के द्वारा सागर के लिए लगातार स्वास्थ्य की दिशा में अनेक उपलब्धियां प्रदान की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सागर में शीघ्र ही कैंसर अस्पताल एवं हृदय रोग का इलाज शुरू होगा। विधायक श्री जैन ने कहा कि स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक सशक्त समाज की नींव है। महिलाओं की सेहत पर निवेश कर हम एक बेहतर, सशक्त और खुशहाल राष्ट्र की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं।
श्याम तिवारी ने कहा कि केंद्र एवं मध्यप्रदेश की सरकार गरीब कल्याण की दिशा में कार्य कर रही है और सभी वर्गों को समृद्ध बनाने के लिए भी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और उन्हें समृद्ध बनाया जा रहा है। संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ नीना गिडियन ने कार्यक्रम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर पप्पू फुसकेले, सुखदेव मिश्र, जगन्नाथ गोरिया, वीरेंद्र पाठक, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालिका अधिकारी विवेक के वी, नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री, बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज की अधिष्ठाता डॉक्टर पीएस ठाकुर, अधीक्षक डॉ राजेश जैन, डॉ सुशीला यादव, सिविल सर्जन डॉक्टर आर एस जयंत, डॉ अभिषेक ठाकुर, डॉ ज्योति चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी सहित जन समुदाय मौजूद था। कार्यक्रम का संचालन डॉ अरुण सिंघई ने किया एवं आभार मुख्य चिकित्सा में स्वास्थ्य अधिकारी श्रीमती डॉक्टर ममता तिमोरे ने माना।

Back to top button
error: Content is protected !!