


बलौदाबाजार/गिधपुरी, 03 दिसंबर 2025।
ग्राम गैतरा में किसान के खेत से धान चोरी करने वाले आरोपी को गिधपुरी पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज होने के मात्र 6 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से चोरी किया धान भी बरामद कर लिया गया है।
प्रार्थी दुर्गेश साहू, निवासी ग्राम गैतरा ने थाना गिधपुरी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि हार्वेस्टर से कटाई के बाद उसने अपने खेत का धान गुडी चौक में रख दिया था। सुरक्षा के लिए वह 01 दिसंबर की रात अपने परिवार के साथ वहीं सो रहा था।
रात लगभग 03:00 बजे उसने देखा कि मनीराम साहू एक कट्ठा धान सिर पर रखकर चोरी करते हुए ले जा रहा है। दुर्गेश के चिल्लाने पर आरोपी मौके से भाग गया। बाद में गिनती करने पर पाया कि कुल 25 कट्ठा धान, जिसकी कीमत लगभग ₹35,000, चोरी किया जा चुका था।
रिपोर्ट पर थाना गिधपुरी में अपराध क्रमांक 165/2025, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
—
6 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता के निर्देशन एवं एसडीओपी तथा थाना गिधपुरी पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से आरोपी मनीराम साहू (उम्र 55 वर्ष) निवासी ग्राम गैतरा को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में उसने चोरी करना स्वीकारते हुए बताया कि उसने धान को गाँव के तालाब किनारे झाड़ियों में छुपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वहां से कुल 47.160 किलोग्राम धान बरामद कर लिया।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
—
आरोपी का विवरण
नाम: मनीराम साहू
उम्र: 55 वर्ष
निवासी: ग्राम गैतरा, थाना गिधपुरी










