जनपद महराजगंज में शैक्षिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत ‘स्कूल चलो अभियान’ का शुभारंभ आज सदर विधानसभा क्षेत्र के पिपरा रसूलपुर स्थित कंपोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय से भव्य रूप में किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। इसके पश्चात विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर अतिथियों ने खूब सराहना की और उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने अपने संबोधन में कहा कि ‘स्कूल चलो अभियान’ का उद्देश्य हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ना है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन अवश्य कराएं और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजें, ताकि वे शिक्षित होकर देश और समाज के विकास में भागीदार बन सकें। जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षित समाज ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण करता है।
मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि शासन की मंशा है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। इसके लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से बच्चों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को सफल बनाने के लिए गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जाए।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने नव नामांकित बच्चों को टीका लगाकर उनका स्वागत किया तथा उन्हें स्कूल बैग वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रिद्धि पांडेय ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में शिक्षक नेता संजय मिश्रा, बलराम निगम, बलराम मौर्य, अंबिज मिश्रा, अखिलेश मिश्रा किरण त्रिपाठी, नीलम त्रिपाठी, वीरेंद्र सिंह, के के सिंह , खण्ड शिक्षाधिकारी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक, शिक्षक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।