

खरगोन में रिटायर्ड कर्मचारी के घर ‘जमीन से’ निकल रहा पानी, परिवार शिफ्ट; सोर्स तलाशने में जुटा प्रशासन
खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन शहर की वार्ड नंबर 7 स्थित एक कॉलोनी में एक रिटायर्ड जिला पंचायत कर्मचारी के घर पिछले तीन दिनों से लगातार पानी भरने की अजीबोगरीब घटना सामने आई है। घर में पानी किसी पाइपलाइन, नाले या सीवरेज से नहीं, बल्कि कथित तौर पर जमीन के नीचे से निकल रहा है। पानी पूरी तरह साफ है और लगातार आने के कारण परिवार को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति को देखते हुए रिटायर्ड कर्मचारी के बेटे, बहू और दो छोटे बच्चों को दूसरे मकान में शिफ्ट होना पड़ा है।
जिला पंचायत से रिटायर्ड ड्राइवर रामेश्वर बिल्लोरे ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2013 में यह मकान खरीदा था। इससे पहले इस तरह की समस्या कभी सामने नहीं आई। उन्होंने बताया कि करीब तीन दिनों से घर के फर्श के नीचे से पानी निकलकर कमरों में भर रहा है। पानी निकालने के लिए दो इलेक्ट्रिक मोटर पंप लगाए गए हैं, लेकिन पानी का आना लगातार जारी है।



