
नोएडा एयरपोर्ट के लिए छह नए रूटों पर दौड़ेंगी ई – बसें
नोएडा एयरपोर्ट के संचालन से पहले यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ( यीडा ) शहर में छह प्रमुख रूटों पर इलेक्ट्रिक बसों का संचालन कराने की कवायद में जुटी है । इन रूटों के जरिये एयरपोर्ट को यमुना सिटी के साथ ही नोएडा , ग्रेनो और आसपास के जिलों की कनेक्टविटी बेहतर की जाएगी प्रस्तावित छह रूटों में दो रूट रोडवेज निगम ने मंजूर कर दिया है । बाकी चार रूटों का प्रस्ताव यीडा ने निगम को भेज दिया है । इन रूटों पर सहमति बनने के बाद जेवर , बुलंदशहर , सिकंदराबाद खुर्जा , टप्पल समेत शहरों के बीच परिवहन की सुविधा मिलेगी । अप्रैल में एयरपोर्ट से उड़ान प्रस्तावित है । ऐसे में गौतमबुद्ध नगर के अलावा बुलंदशहर और अलीगढ़ के यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए यीडा बसों के नए रूट पर मंथन कर रहा है । प्राधिकरण ने बुलंदशहर , अलीगढ़ के अलग अलग क्षेत्रों से एयरपोर्ट तक बसों के संचालन का निर्णय लिया है ।


