
नारायण सेवा संस्थान, शाखा–नरवाना द्वारा दिव्यांगजनों को नि:शुल्क कृत्रिम अंग वितरण
नरवाना दिनांक 28 को दिव्यांग भाई-बहनों को नि:शुल्क कृत्रिम अंग वितरित किए जाएंगे। यह कार्यक्रम ग्रीन लैंड पैलेस, नजदीक नेहरू पार्क, नरवाना में आयोजित किया जा रहा है।
अधिक जानकारी देते हुए संस्थान के शाखा प्रधान राजेन्द्र गर्ग ने बताया कि संस्थान द्वारा दिनांक 15 दिसंबर 2025 को एक नि:शुल्क कृत्रिम अंग माप शिविर का आयोजन किया गया था। यह शिविर सड़क दुर्घटना अथवा अन्य कारणों से अपने हाथ-पैर खो चुके दिव्यांगजनों के लिए पूर्णतः नि:शुल्क था, जिसमें लगभग 40 से 50 दिव्यांगजन शामिल हुए थे। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा जांच के उपरांत 20 दिव्यांग भाई-बहनों को कृत्रिम अंग लगाने हेतु चयनित किया गया था, जिन्हें आज उनके कृत्रिम अंग प्रदान किए जाएंगे।
संस्थान से राहुल सिंगला ने बताया कि यह कार्यक्रम प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक आयोजित रहेगा। इस अवसर पर उप-मण्डल अधिकारी, नरवाना श्री जगदीश चंद्र जी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। साथ ही राजीव वत्स, नरवाना की भजन मण्डली द्वारा भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।
संस्थान से साहिल वधवा ने बताया कि पूज्य कैलाश मानव जी का मूल विचार है कि “पीड़ितों में ही भगवान का वास होता है”। इसी भावना को आत्मसात करते हुए नारायण सेवा संस्थान वर्षों से पीड़ित मानवता की निस्वार्थ सेवा करता आ रहा है। कृत्रिम अंग पाकर जब दिव्यांगजन अपने पैरों पर पुनः खड़े होते हैं, तो उनके जीवन में आत्मविश्वास और आत्मसम्मान का संचार होता है। संस्थान का उद्देश्य है कि कोई भी दिव्यांग स्वयं को समाज से अलग या कमजोर न समझे।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधान राजेन्द्र गर्ग, संरक्षक डॉ. राजेश गुप्ता, साहिल वधवा, रमेश वत्स, अनिल वत्स, राहुल सिंगला, दीपक अरोड़ा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सेवाभावी सदस्य उपस्थित रहे।













