A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेबाड़मेरराजस्थान

प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर शुक्रवार से विशेष शिविरों की शुरुआत

ग्रामीणों को एक ही स्थान पर मिलेंगी विभिन्न विभागीय योजनाओं की सौगात

बाड़मेर, 21 जनवरी
आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से बसंत पंचमी के अवसर पर 23 जनवरी से जिले के प्रत्येक गिरदावर सर्किल पर विशेष शिविरों की शुरुआत की जाएगी। इन शिविरों का आयोजन राज्य सरकार के निर्देशानुसार किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न विभागों की सहभागिता से ग्रामीणों, कृषकों एवं पशुपालकों को योजनाओं से लाभांवित किया जाएगा।

जिला कलक्टर टीना डाबी ने बताया कि विशेष शिविर 23 जनवरी से प्रारंभ होकर 24, 25, 31 जनवरी तथा 1 फरवरी एवं 5 से 9 फरवरी तक आयोजित किए जाएंगे। शिविरों का समय प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक रहेगा। इन शिविरों में कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, सहकारिता, जल संसाधन, ऊर्जा, उद्योग, आपदा प्रबंधन, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग भाग लेंगे।

उन्होंने बताया कि 23 जनवरी को बाड़मेर तहसील में बाड़मेर एवं बाड़मेर ग्रामीण, कवास, बाटाडू, नोखड़ा, बायतू भोपजी, शिव, रामसर, चौहटन, धनाउ तथा सेड़वा तहसील के बाखासर गिरदावर सर्किल में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

नोडल अधिकारियों की नियुक्ति

विशेष शिविरों के सफल आयोजन हेतु मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवि कुमार को जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि कृषि विभाग के उप निदेशक, उद्यानिकी एवं संयुक्त निदेशक को सहायक नोडल अधिकारी बनाया गया है। उपखंड स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारी नोडल अधिकारी तथा तहसीलदार एवं विकास अधिकारी सहायक नोडल अधिकारी होंगे।

विशेष शिविरों में होंगे ये प्रमुख कार्य

गिरदावर सर्किल पर आयोजित होने वाले शिविरों में—

  • कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा तारबंदी, डिग्गी, पाइपलाइन, फार्म पॉन्ड, फव्वारा व ड्रिप सिंचाई, प्लास्टिक मल्च, सोलर पंप संयंत्र की स्वीकृतियां
  • बैलों से खेत जोतने पर ₹30,000 प्रोत्साहन राशि, फसल बीमा, एमएसपी की जानकारी
  • सॉइल हेल्थ कार्ड वितरण, सोलर पंप आवेदन, मिनी किट एवं बीज वितरण का सत्यापन
  • कृषि विपणन विभाग द्वारा पीएमएफएमई योजना के आवेदन
  • सहकारिता विभाग द्वारा सीएम किसान निधि डीबीटी, सदस्यता अभियान, सहकारी बैंक खाता, ऋण योजनाएं
  • पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना, टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, पशु आहार वितरण
  • डेयरी विभाग द्वारा डीसीएस/पीडीसीएस पंजीकरण, सरस बूथ एवं मार्ट आवंटन
  • ग्रामीण विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना में गृह प्रवेश एवं चाबी वितरण
  • पंचायती राज विभाग द्वारा 22 जनवरी को ग्राम सभा आयोजन, स्वामित्व कार्ड वितरण
  • आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा एसडीआरएफ शेष अनुदान की डीबीटी
  • उद्योग विभाग द्वारा युवा स्वरोजगार आवेदन
  • जल संसाधन विभाग द्वारा वंदे गंगा संरक्षण अभियान
  • ऊर्जा विभाग द्वारा पीएम सूर्य घर योजना के अंतर्गत पंजीकरण

इन शिविरों के माध्यम से GRAM-2026 (Global Rajasthan Agri-Tech Meet-2026) में कृषकों एवं पशुपालकों की सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!