

हरदोई। जनपद में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक श्री आलोक राज नारायण जी के नेतृत्व में शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। इस अभियान के दौरान नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए पाए गए 16 ओवरलोड ट्रकों को सीज कर दिया गया।
अभियान के दौरान पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने हाईवे एवं प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। जांच के दौरान कई ट्रक निर्धारित क्षमता से अधिक माल लादकर सड़क पर दौड़ते मिले। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ओवरलोड वाहन सड़क दुर्घटनाओं का बड़ा कारण बनते हैं और इससे सड़कों को भी भारी नुकसान पहुंचता है। ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। अचानक हुई इस बड़ी कार्रवाई से ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया।
क्षेत्रीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ओवरलोड वाहनों पर रोक लगने से सड़क हादसों में कमी आएगी और आम लोगों को राहत मिलेगी। वहीं पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का पालन न करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।











