
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शनिवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बगल स्थित मैदान में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न समुदायों के 151 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया।


समारोह में मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल के साथ नेता प्रतिपक्ष एवं इटवा विधायक माता प्रसाद पांडेय, बांसी विधायक जय प्रताप सिंह, कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही, शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. तथा मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इस दौरान 95 हिंदू, 36 बौद्ध और 20 मुस्लिम जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। हिंदू विवाह वैदिक रीति-रिवाज से, मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलाना द्वारा तथा बौद्ध जोड़ों का विवाह बौद्ध परंपरा के अनुसार कराया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना को गरीब परिवारों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताते हुए सभी नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को जिला प्रशासन के माध्यम से रोजगार
प्लेसमेंट उपलब्ध कराने की घोषणा भी की।
जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से ₹64,000 की धनराशि भेजी जा रही है। इसके अलावा करीब ₹21,000 मूल्य की गृहस्थी का सामान तथा ₹15,000 बारात स्वागत पर खर्च किया गया है।
नवविवाहित जोड़ों को साड़ी, कपड़े, स्टील डिनर सेट, प्रेशर कुकर, ट्रॉली बैग, सीलिंग फैन, आयरन, बिस्तर, कंबल, गद्दे, तकिए, चूड़ियां, मिठाई और सूखे मेवे सहित दैनिक उपयोग का आवश्यक सामान भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण विभाग, विकास विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में परिजन एवं आमजन उपस्थित रहे।






