A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशताज़ा खबर

राजेसुल्तानपुर नगर पंचायत: क्रय-विक्रय में पारदर्शिता के अभाव पर सभासदों का हंगामा, बोर्ड बैठक स्थगित

वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज अंबेडकर नगर

राजेसुल्तानपुर नगर पंचायत: क्रय-विक्रय में पारदर्शिता के अभाव पर सभासदों का हंगामा, बोर्ड बैठक स्थगित

अंबेडकरनगर ।नगर पंचायत राजेसुल्तानपुर में मंगलवार को आयोजित बोर्ड बैठक हंगामे की भेंट चढ़ गई। क्रय-विक्रय और स्ट्रीट लाइट की खरीदारी से संबंधित सवालों पर जवाब न मिलने से नाराज सभासदों ने बैठक में जोरदार हंगामा किया, जिसके चलते बैठक को स्थगित करना पड़ा।

सुबह से ही नगर पंचायत कार्यालय में माहौल गर्म था। नगर पंचायत अध्यक्ष विनोद प्रजापति और अधिशासी अधिकारी (ईओ) लक्ष्मी चौरसिया की उपस्थिति में बैठक शुरू होते ही सभासदों ने विभिन्न मुद्दों पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। सभासद इसरावती ने सबसे पहले अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा, “हम सभासदों की कोई सुनवाई नहीं होती। सिर्फ प्रस्ताव मांगे जाते हैं, लेकिन कार्य कहां और कैसे हो रहा है, इसकी कोई जानकारी हमें नहीं दी जाती।”

इसके बाद सभासद विपिन कुमार ने भी अपना विरोध प्रकट करते हुए कहा, “पिछली तीन बैठकों से हम क्रय-विक्रय और स्ट्रीट लाइट की खरीदारी से जुड़ी जानकारी मांग रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार लोग अब तक कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए हैं।”

सवालों का सिलसिला बढ़ते ही स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अध्यक्ष विनोद प्रजापति और ईओ लक्ष्मी चौरसिया ने सभासदों को समझाने की पूरी कोशिश की, लेकिन उनके प्रयास असफल रहे। स्थिति बिगड़ते देख अंततः बोर्ड बैठक को स्थगित करने का निर्णय लिया गया।

ईओ लक्ष्मी चौरसिया ने कहा, “बोर्ड बैठक को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। जल्द ही नई तिथि निर्धारित कर दोबारा बैठक आयोजित की जाएगी।”

हालांकि, सभासदों का कहना था कि उन्होंने हंगामा नहीं किया, बल्कि अपनी बात को बैठक में रखने का प्रयास किया था। उनके अनुसार, बैठक को मनमाने ढंग से स्थगित कर दिया गया, जो उचित नहीं था।

इस घटना ने नगर पंचायत के अंदरूनी कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सभासदों की मांग है कि क्रय-विक्रय और स्ट्रीट लाइट की खरीदारी से जुड़ी जानकारी को सार्वजनिक किया जाए, ताकि जनता को भी इसकी जानकारी मिल सके। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि अगले बैठक में क्या स्थिति बनती है और क्या सभासदों की मांगों को पूरा किया जाता है या नहीं।

ANGAD YADAV AMBEDKAR NAGAR UP

🌺 वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज एवं समाचार पत्र 🎥 उत्तर प्रदेश 🌺🌺
Back to top button
error: Content is protected !!