
कटनी, रीठी।। GANESH UPADHYAY VANDE BHARAT LIVE TV NEWS KATNI MP.
रीठी तहसील मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में मंगलवार को अनंत चतुर्दशी पर्व पर उत्सवी माहौल में बड़े ही हर्षोल्लास व परंपरागत तरीके से मनाया गया। देखा गया कि इस दिन लगातार भारी बारिश होने के बाद भी लोगों में गजब का उत्साह देखने को मिला, जब आस्था के आगे बारिश भी फीकी पड़ गई और लोगों ने बरसते पानी के बीच बप्पा को बिदाई दी। प्रथम पूज्य भगवान गणेश के उत्सव की दस दिनों तक नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भी धूम मची रही।
हर दिन सुबह और शाम गणपति की पूजा-अर्चना व आरती के साथ जयकारों से पंडाल व घर गूंजते रहे। लोगों ने घरों में भी बप्पा को विराजमान कर पूजा-अर्चना की। मंगलवार को विघ्नहर्ता को गाजे-बाजे के साथ नम आंखों से विदाई दी गई। देखा गया कि नगर में सुबह से ही घरों में विराजित प्रतिमाओं के विसर्जन का शिलशिला शुरू हो गया था जो देर रात तक चला। रात्रि आठ बजे रीठी के पोस्ट आफिस तिराहे से ढोल-नगाड़ों व डीजे के साथ गणेश प्रतिमाओं का चल समारोह प्रारंभ हुआ जो प्रमुख मार्गों से होते हुए देवलिया जलाशय (डेम) पहुंचा जहां पूजा-अर्चना के बाद कल्याण की कामना करते हुए प्रतिमाओं को विसर्जित किया गया।
*मोटर साइकल, हाथ ठेला से भी निकले बप्पा*
नगर में घरों व पंडालों में विराजी प्रतिमाओं का पूजन करने के बाद कोई मोटर साइकल में तो कोई हाथ ठेला तो वहीं कुछ ट्रक, आटो, व ट्रैक्टर ट्राली, लोडर में बप्पा को विराजित कर ढोल-नगाड़ों के साथ विसर्जन करने निकले। रास्ते भर नाचते-गाते श्रद्धालु विभिन्न मार्गों से होते हुए देवलिया जलाशय पहुंचे जहां विधी-विधान से पूजन कर प्रतिमाओं का विसर्जन किया।
इस दौरान बच्चे व महिलाओं में भी गजब का उत्साह देखने को मिला। नम आंखों से श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा को विदाई दी। देखा गया कि रीठी में गणेशोत्सव पर्व के आखिरी दिन चल समारोह के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था एकदम चुस्त दुरुस्त रही। वहीं विसर्जन घाट देवलिया जलाशय में प्रकाश की व्यवस्था भी की गई थी साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस भी जुलूस सहित विसर्जन घाट पर मौजूद रही।





