सिद्धार्थनगर: यू-डायस पर डॉटा करें फीड, नहीं तो निरस्त होगी स्कूल की मान्यता
सिद्धार्थनगर। यू-डायस पोर्टल पर विद्यार्थियों का डाटा शत-प्रतिशत अपडेट न करने के मामले में बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने जिले के 307 स्कूलों को अंतिम नोटिस जारी किया है।निर्धारित समय तक डाटा पूर्ण न होने की दशा में संबंधित विद्यालयों का मान्यता निरस्त करने की कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
यू-डायस पोर्टल पर डाटा फीडिंग कार्य पूर्ण न होने पर बीएसए ने जिले के 307 स्कूलों को अंतिम नोटिस जारी की है। इनमें परिषदीय समेत मान्यता प्राप्त विद्यालय भी शामिल हैं। उन्होंने हर हाल में दो दिवस के भीतर इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न होने पर स्कूलों की मान्यता निरस्त करने की चेतावनी दी है। इन सभी विद्यालयों में अध्ययनरत बच्चों, अध्यापक व स्कूल की प्रोफाइल नाम, पिता का नाम, जन्मतिथि, गांव का नाम, विद्यालय का नाम, अध्यापक का नाम, पता, जन्मतिथि आदि फीड किया जाना है, ताकि वास्तविक स्थिति का पता चल सके। साथ ही फर्जी तरीके से चल रहे स्कूलों पर अंकुश लग सके।
इसके बावजूद जिले के 307 विद्यालयों ने स्कूल प्रोफाइल नेट पर अपलोड नहीं किया है। ईएमआईएस डीसी अमित पांडेय ने बताया कि बीएसए ने निर्देश दिया है कि सभी स्कूल शत प्रतिशत डाटा शीघ्र ही अपलोड कर दें, नहीं तो मान्यता प्राप्त स्कूलों की मान्यता समाप्त करने के साथ ही यू-डायस कोड भी बंद कर दिया जाएगा। यू-डायस 2024-25 के लिए स्टूडेंट प्रोफाइल अंतर्गत विद्यालयों के विद्यार्थियों का डाटा शत-प्रतिशत अपडेट न करने के आरोप में जिले के 65 मदरसे भी कार्रवाई की जद में है। इसके अलावा माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधीन लगभग 30 विद्यालय की ओर से भी शिथिलता बरती गई है। डाटा अपडेट करने के लिए डीआईओएस और जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को पत्र लिखा है। बीएसए देवेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि यू-डायस पोर्टल पर स्टूडेंट प्रोफाइल के शत प्रतिशत फीडिंग का कार्य शीघ्र ही किया जाना है। कार्य पूर्ण न होने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।









