
‘ विवाहिता की हत्या में पति , सास और दो देवर को हुयी उम्रकैद
छर्रा के गांव सतरापुर में तीन बच्चों की मां तबस्सुम की हत्या करने के मामले में अदालत मृतका के पति खुर्शीद , सास जमीला और दो देवर सलमान व शाहरुख को उम्रकैद की सजा सुनाई है । एडीजे फास्ट ट्रैक प्रथम अंजू राजपूत की अदालत ने चारों दोषियों पर 60-60 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है । मुकदमे के अनुसार , तबस्सुम की शादी आठ साल पहले खुर्शीद से हुई थी । शादी के बाद से उसे दहेज के लिए उत्पीड़ित किया जा रहा था । आरोप है कि चारों आरोपियों ने दो लाख रुपये दहेज की मांग की थी और 2 अप्रैल 2020 को तबस्सुम की हत्या कर दी । पोस्टमार्टम रिपोर्ट में रस्सी से गला घोंटकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई । घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर चार्जशीट दाखिल की ।


