
अंबेडकर नगर अयोध्या में लगातार बढ़ रही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए जिले में तीन सीमावर्ती इलाकों में वाहनों के डायवर्जन कर दिया गया है। यहां से कोई भी वाहन अयोध्या की ओर नहीं जाएगा।
अंबेडकरनगर-अयोध्या की सीमा पर थाना अहिरौली क्षेत्र में यादवनगर, इब्राहिमपुर में सेवागंज एवं भीटी में चनहा चौराहे पर बैरियर लगाकर डायवर्जन किया गया है। बस्ती, आजमगढ़ जाने वाले वाहनों को सेवागंज से संवरिया होते हुए डायवर्ट किया गया है। वहीं यादवनगर से वाहनों को वापस अकबरपुर के लिए डायवर्ट किया जा रहा है। चनहा चौराहा से वाहन अहिरौली की ओर भेजे जा रहे हैं।
एसपी केशव कुमार, एएसपी पश्चिमी विशाल पांडेय, सीओ ट्रैफिक देवेंद्र कुमार मौर्य ने सभी बैरियर का निरीक्षण किया। एसपी ने निर्देश दिए कि अग्रिम आदेशों तक डायवर्जन को प्रभावी रखा जाए। इसमें किसी भी प्रकार की छूट न दी जाए, ताकि अयोध्या में भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।





