
कोरिया 19 फरवरी 2025/ पंचायत आम निर्वाचन के तहत आज सोनहत क्षेत्र के दो जिला पंचायत क्षेत्रों का जिला पंचायत सदस्य पद के लिए प्राप्त मतों का सारणीकरण कार्य सम्पन्न हुआ। जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने सारणीकरण के पश्चात परिणामों की घोषणा की और सम्यक रूप से निर्वाचित जिला पंचायत सदस्य को प्रमाण पत्र दिया। विदित हो कि आज सारणीकरण के पश्चात परिणामों को जारी करते हुए रिटर्निंग अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने बताया कि जिले में सोनहत क्षेत्र में प्रथम सीट अनुसूचित जनजाति मुक्त में कुल 5 अभ्यर्थी मैदान में थे यहां कुल 16 हजार 310 वोट डाले गए थे और इनमें 650 वोट खारिज किए गए। यहां से प्रत्याशी कृष्ण कुमार सोन पाकर 2198, रजवंती को 608, राम प्रताप मरावी को 3875, सुरेश कुमार सिंह को 7895 तथा तिलकधारी सिंह गोंड को 1084 मत प्राप्त हुए। सोनहत प्रथम सीट से सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाले सुरेश कुमार सिंह को निर्वाचित घोषित करते हुए रिटर्निंग अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने उन्हें प्रमाण पत्र दिया।
इसी क्रम में सोनहत क्षेत्र क्रमांक दो अजजा महिला से कुल तीन अभ्यर्थी मैदान में थे। यहां कुल 16 हजार 692 वोट डाले गए थे जिसमें 884 मत खारिज किए गए। प्राप्त मतों से जयवती चेरवा को 5047, शिवकुमारी सिंह को 3047 तथा शिवकुमारी अशोक कुमार को 7714 मत प्राप्त हुए। सोनहत द्वितीय सीट से सर्वाधिक मत प्राप्त करने वाली शिवकुमारी अशोक कुमार को निर्वाचित घोषित करते हुए रिटर्निंग अधिकारी डॉ आशुतोष चतुर्वेदी ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र प्रदान किया। इस कार्यवाही में सहायक रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती ऋतु साहू और अन्य संबंधित अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
समाचार क्रमांक 41/फोटो 01 से 03/2025/मानिकपुरी
—-###—-
समाचार
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 2025
मतदान केंद्रों पर होगी वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था
कोरिया 19 फरवरी 2025/ त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 के तहत 23 फरवरी को जिले के बैकुंठपुर विकासखण्ड में मतदान होना तय है। मतदान के तुरंत बाद मतगणना भी मतदान केंद्रों पर ही की जाएगी। इस प्रक्रिया को निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी मतदान केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी निर्देश में कहा गया है कि मतदान केंद्रों पर बिजली, पानी, व्हीलचेयर और रैंप जैसी मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए। इसके साथ ही, मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा से बचने के लिए वैकल्पिक प्रकाश व्यवस्था जैसे अस्थायी लैम्प, जनरेटर या इमरजेंसी लाइट की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवश्यक तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, संबंधित रिटर्निंग ऑफिसर को भी सूचना भेजी गई है, ताकि मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।















