
कोरबा। जिले के साजापानी गांव के जंगल में एक खेत से नर कंकाल बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव के टुकड़े अलग-अलग स्थानों पर बिखरे मिले, जबकि पास रखे पैरा में खून के निशान भी पाए गए। पुलिस ने मृतक की पहचान बुधवार सिंह (40) पिता साहेततर मांझी के रूप में की है, जो चुनाव से चार दिन पहले लापता हो गया था।
बुधवार सिंह मजदूरी करता था और नशे का आदी था। उसकी पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी, जिससे उसका एक बेटा है, जो मजदूरी के लिए बाहर गया हुआ है। वहीं, दूसरी पत्नी दो महीने पहले उसे छोड़कर चली गई थी, जिससे वह अकेले रह रहा था।
चरवाहे ने देखा कंकाल
गुरुवार को गांव के चरवाहे ठंडाराम ने खेत में नर कंकाल देखा, लेकिन तत्काल इसकी सूचना नहीं दे सका। शनिवार को गांव लौटने के बाद उसने मृतक के भतीजे शोभाराम को जानकारी दी। जब शोभाराम मौके पर पहुंचा, तो उसने तुरंत गांव के कोटवार जगमोहन को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।









