
समाहरणालय, गया
(जिला जन संपर्क शाखा)
गया, 23 मई, 2025, संघ लोक सेवा आयोग, नई दिल्ली द्वारा दिनांक-25.05.2025 को प्रारंभिक परीक्षा के आयोजन एवं संचालन हेतु समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी, गया डॉ० त्यागराजन एसएम की अध्यक्षता में ब्रीफिंग का आयोजन किया गया।
ब्रीफिंग में बताया गया कि गया ज़िला में 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जो निम्न प्रकार है-
- गया कॉलेज के सीवी रमन ब्लॉक, मानविकी ब्लॉक, एमबीए ब्लॉक।
- +2 जिला स्कूल, गया
- +2 हरिदास सेमिनरी, सरकारी बस स्टैंड, गया।
- +2 उच्च विद्यालय, बोधगया।
- अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज, ब्लॉक A एवं ब्लॉक B
- महावीर इंटर स्कूल, स्वराजपुरी, गया।
- उत्क्रमित मध्य विद्यालय, मानपुर, गया।
- +2 उच्च विद्यालय, करीमगंज, गया।
- +2 क़ासिमी उच्च विद्यालय, दुर्गाबाड़ी, गया।
- हादी हाशमी सीनियर सेकेंडरी +2 स्कूल, गया।
- केंद्रीय विद्यालय 1, बागेश्वरी रोड, गया।
- प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, बोधगया।
- +2 उच्च विद्यालय, चंदौती, गया।
- डीएवी पब्लिक स्कूल, गया नवादा रोड, गया।
- जगजीवन महाविद्यालय, ब्लॉक A एवं ब्लॉक B
- मानव भारती नेशनल स्कूल, केन्दुई, गया।
उक्त परीक्षा केंद्रों पर दिनांक- 25.05.2025 (रविवार) को दो पालियों में परीक्षा लिया जाना है। प्रथम पाली, जो पूर्वाह्न 09:30 बजे से पूर्वाह्न 11:30 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपराह्न 02:30 से अपराह्न 04:30 बजे तक निर्धारित है, जिसमें कुल 8424 परीक्षार्थी भाग लेंगे।
ब्रीफिंग में बताया गया कि परीक्षा की महत्ता एवं गरिमा को ध्यान में रखते हुए इसे स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त संचालन एवं विधि व्यवस्था संधारण तथा गोपनीयता बनाए रखने हेतु सभी परीक्षा केंद्रों पर 1-1 निरीक्षी पदाधिकारी (इंस्पेक्टिंग ऑफिसर) की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी निरीक्षी पदाधिकारी (इंस्पेक्टिंग ऑफिसर) को निर्देश दिया गया कि अपने अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर दायित्वों का निर्वहन करना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही अपने आवंटित परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा प्रबंध के संबंध में 1 दिन पूर्व सभी तैयारियों का पर्यवेक्षण एवं अनुश्रवण कर लेंगे एवं परीक्षा केंद्र पर नियंत्रण कक्ष की स्थापना कराते हुए नियंत्रण कक्ष को सुयोग्य कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कराना सुनिश्चित करेंगे तथा परीक्षा की तिथि को परीक्षा प्रारंभ होने के पूर्व परीक्षा केंद्र पर आवश्यक रूप से उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे।
ब्रीफिंग में बताया गया कि 03-03 सहायक पर्यवेक्षक की प्रतिनियुक्ति सभी परीक्षा केंद्रों पर की गई है। जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त सहायक पर्यवेक्षक को निर्देश दिया कि
● परीक्षा केंद्र पर जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त सहायक पर्यवेक्षक स्टैटिक दंडाधिकारी के रूप में भी कार्य करेंगे।
● सभी व्यवस्थाएं यथा बेंच, डेस्क, बिजली, पंखा, शुद्ध पेयजल, शौचालय इत्यादि की साफ-सफाई की व्यवस्था की जांच कर लेंगे। गर्मी अधिक है यथासंभव पानी की पूरी मुकम्मल व्यवस्था, वेंटिलेटरयुक्त कमरा में पंखा की व्यवस्था रखेंगे।
● यह सुनिश्चित करेंगे कि परीक्षा का संचालन त्रुटि रहित हो।
● परीक्षा केंद्र पर निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे। साथ ही जनरेटर की भी व्यवस्था रखे।
● परीक्षा केंद्र के परिसर एवं परीक्षा कक्ष के अंदर मोबाइल/ब्लूटूथ इत्यादि का इस्तेमाल वर्जित है।
● पर्यवेक्षक द्वारा टेस्ट बुकलेट मुहरबंद बक्से को परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व अपनी उपस्थिति में खुलवाएंगे तथा ओपनिंग प्रमाण पत्र पर अपना एवं पर्यवेक्षक के साथ चार वीक्षकों का हस्ताक्षर लेंगे।
● सभी परीक्षार्थी का प्रवेश द्वार पर पुलिस बल के सहयोग से गहन फ्रिस्किंग कर ही परीक्षा हॉल में प्रवेश की अनुमति होगी एवं परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में परीक्षा शुरू होने से 30 मिनट पूर्व प्रवेश की अनुमति नही दी जाएगी। अर्थात हर हाल में सुबह 09 बजे तक ही एंट्री दी जाएगी, उसके बाद एंट्री बंद रहेगी।साथ ही प्रत्येक परीक्षा केंद्रों पर छात्राओं का गहन फ्रिस्किंग कार्य हेतु परीक्षा केंद्रवार महिला पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। परीक्षार्थियों का बैग एवं लगेज को फ्रिस्किंग पॉइंट के बाहर ही रखवा ना सुनिश्चित कराएंगे।
बैठक में डीएम ने जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर तथा पुलिस उपाधीक्षक यातायात को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्र के क्षेत्र में तथा सभी बस स्टैंड/ टेंपो स्टैंड तथा रेलवे स्टेशन में जाम की समस्या ना रहे, यह सुनिश्चित कराएं। साथ ही परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र जाने के दौरान एवं परीक्षा देकर लौटने के दौरान किसी प्रकार की यातायात संबंधित कोई दिक्कत ना हो, यह सुनिश्चित कराएं। सभी परीक्षा केंद्रों पर निर्धारित अवधि में दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहना सुनिश्चित करेंगे। सभी परीक्षा केंद्रों में समय-समय पर लगातार माइकिंग के माध्यम से परीक्षार्थियों को आवश्यक जानकारियां देते रहें। सभी परीक्षा केंद्रों के मेन एंट्रेंस गेट एवं परीक्षा केंद्र के अंदर विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर परीक्षार्थियों के रोल नंबर के अनुसार बैठने संबंधी सीट प्लान रूम नंबर इत्यादि विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शित करवाना सुनिश्चित कराएंगे।
ब्रीफिंग में बताया गया कि परीक्षा को शांतिपूर्वक एवं सफल आयोजन के उद्देश्य से सभी परीक्षा केंद्रों पर ज़िला स्तरीय वरीय पदाधिकारियों को सभी परीक्षा केंद्रों के लिए अलग-अलग कुल 20 inspecting officer बनाया गया है। इसके साथ ही 52 सहायक पर्यवेक्षक, 09 गश्ती दल दंडाधिकारी एवं 05 जोनल दंडाधिकारी (उड़नदस्ता दल) की प्रतिनियुक्ति की गई है। बताया गया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था की गई है। परीक्षा के दौरान जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय में चालू रहेगा, जिसके वरीय प्रभार में अपर समाहर्ता (राजस्व) रहेंगे। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष संख्या 0631-2222253 है।
ज़िला पदाधिकारी ने अधीक्षक/प्राचार्य, अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया को निर्देश दिया की आकस्मिक चिकित्सा सेवा हेतु अस्पताल में पालिवार चिकित्सकों की प्रतिनियुक्ति करना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने सिविल सर्जन गया को निर्देश दिया कि जयप्रकाश नारायण अस्पताल, प्रभावती अस्पताल तथा सम्बंधित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों/उप केंद्रों में उक्त अवसर पर आकस्मिक चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने हेतु चिकित्सकों, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस के साथ-साथ जीवन रक्षक दवाएं रखना सुनिश्चित करेंगे।
ब्रीफिंग में वरीय पदाधिकारीगण, वरीय उप समाहर्तागण, जिला स्तरीय पदाधिकारीगण सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक उपस्थित थे l
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट डिवीज़न हेड गया
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़





