

फतेहपुर/सीकर. गर्मी और उमस की मार झेल रहे कस्बे के लोग पिछले एक सप्ताह से अच्छी बरसात की राह देख रहे लोगों का आखिर इंतजार रविवार रात्रि को खत्म हो ही गया। शाम 6:00 बजे बाद अचानक बदले मौसम के साथ शुरू हुई बूंदाबांदी के बाद रात्रि 9:30 बजे से लेकर 10.30 बजे तक कस्बे में भयंकर मूसलाधार बरसात हुई। लगातार डेढ़ घंटे अच्छी बरसात होने के कारण शहर के एक दर्जन निचले इलाके जिसमें पुराने सिनेमा हॉल, बावड़ी गेट बस स्टैंड, नवलगढ़ अंडरपास, मंडावा अंडरपास, क्षत्रिया बस स्टैंड, अंबेडकर नगर, साईं बाजार, मंडावा रोड इलाकों में 4 फीट से अधिक पानी जमा हो गया। कस्बे के मुख्य बस स्टैंड की 10 से अधिक दुकानों में पानी घुस गया, वहीं नवलगढ़ अंडरपास और मंडावा अंडरपास के नीचे 4 फीट पानी भर जाने के बाद दोनों ही अंदर पास के दोनों तरफ बेरिकेट लगाकर रास्ता बंद किया गया। भारी बरसात के बाद कई इलाकों में भरे पानी की वजह से लोगों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ा हालांकि अच्छी बरसात की राह तक रहे किसानों के चेहरे जरूर खिलें हैं।




