समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में जिला शिक्षा कार्यालय से संबंधित कार्यों की समीक्षात्मक बैठक आहूत की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र एवंं छात्राओं की उपस्थिति, रेल प्रोजेक्ट, स्प्लिट सिलेबस, विभिन्न कस्तूरबा विद्यालयों की स्थिति, कंटीन्यूअस प्रोफेशनल डेवलपमेंट ट्रेंनिंग, यू -डायस प्लस आदि की समीक्षा की गई।
बैठक में प्रेजेंटेशन के माध्यम से विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी से अपने विद्यालय अंतर्गत ई- विद्यावाहिनी में शिक्षक की उपस्थिति, छात्र एवं छात्राओं की उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली गई। ई-विद्यावाहिनी में शिक्षकों की उपस्थिति के संबंध में उपायुक्त के द्वारा प्रगति लाने के निर्देश दिए गए। नेटवर्क नहीं रहने की स्थिति में वैसे शिक्षक जिसका बायोमेट्रिक अटेंडेंस नहीं हुआ है। उनकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को विद्यालयों में छात्र एवं छात्राओं के बायोमेट्रिक उपस्थिति का ई- विद्यावाहिनी में प्रविष्टि कराने के लिए अनुश्रवण करने का निर्देश दिया गया। जिन प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी के रिपोर्ट में कमी पाई गई उनमें सुधार करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी एवं प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी को मासिक अनुश्रवण तैयार कर एक सप्ताह के भीतर औसत बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रतिवेदन तैयार करने के निर्देश दिए गए। जिले के सभी उत्कृष्ट विद्यालय, आदर्श विद्यालय सहित सरकारी एवं गैर सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों को ‘गुरुजी’ मोबाइल एप पर विषयवार विभाजित पाठ्यक्रम अपलोड करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त के द्वारा ‘रेल परियोजना’ के अंतर्गत सभी कार्यक्रम पदाधिकारी को रेल परीक्षा का अनुश्रवण करने तथा अपने-अपने प्रखंडों में 40 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यालयों की समीक्षा करते हुए वैसे छात्र/छात्राओं का आयोजन कराने का निदेश दिया गया। साथ ही रेल परीक्षा के समय शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं की उपस्थिति सुनिश्चित कराने एवं सभी विद्यालयों के द्वारा रेल परीक्षा का डाटा ससमय अपलोड कराने का निदेश दिया गया। जिला द्वारा रेल कार्यक्रम अन्तर्गत प्रत्येक तिमाही में प्रखंड स्तर पर उत्तर पुस्तिका की जांच कर रिजल्ट प्रकाशित किए जाए।
बैठक के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के स्कूल के वार्डन से शिक्षण व्यवस्था, कस्तूरबा विद्यालय में एनरोलमेंट की स्थिति की जानकारी लेते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध कराने हेतु निदेशित किया गया। बैठक के क्रम में जिले से प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों के द्वारा विद्यालय निरीक्षण रिपोर्ट की समीक्षा करते हुए उत्क्रमित मिडिल स्कूल तरखुट्टा, अपग्रेडेड स्कूल परसपानी, उत्क्रमित मिडिल स्कूल हसन करहरिया सहित अन्य विद्यालयों में पठन-पाठन की सामग्री, लाइब्रेरी, पेयजल एवं शौचालय के समुचित प्रबंध, स्कूल की चार दिवारी, जर्जर पड़े स्कूल भवन की मरम्मती करने को लेकर सुधार करने के निर्देश दिए गए। ताकि छात्र एवं छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके। मौके पर अपर समाहर्ता प्रेमलता मुर्मू, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक कुमार सहित सभी बीईईओ, बीपीओ आदि उपस्थित थे।