
गया, 27 अगस्त 2025, विगत दिनों में झारखंड में अत्यधिक वर्षा के कारण गया जिले के शेरघाटी अनुमंडल के मोहनपुर अंचल एवं गया सदर अनुमंडल के बोधगया अंचल में कुछ क्षेत्र वर्षा जल से प्रभावित हुए थे, उन क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा क्या-क्या कार्य जनहित में किए गए हैं, इस पर संबंधित सभी विभागों के पदाधिकारी के साथ जिला पदाधिकारी गया श्री शशांक शुभंकर द्वारा बैठक की गई।
जिला पदाधिकारी ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी बोधगया एवं मोहनपुर तथा प्रखंड विकास पदाधिकारी बोधगया एवं मोहनपुर को निर्देश दिए हैं कि कितने कितने हेक्टेयर में किसानों का खेत वर्षा जल से प्रभावित हुआ है इसकी विस्तृत प्रतिवेदन अगले 24 घंटे के अंदर जिला कृषि पदाधिकारी के माध्यम से उपस्थित करें ताकि विभाग को समर्पित करते हुए उन्हें फसल क्षति मुआवजा स्वीकृत करवाया जा सके। बताया गया कि मोहनपुर अंचल क्षेत्र में लगभग 15 एकड़ खेत प्रभावित हुए हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी मोहनपुर द्वारा बताया गया कि कोई भी घर की क्षति नहीं हुई है। सुखा राशन भी लगभग 25 घरों को दिया गया है, जो सभी नदी किनारे तलहट्टी में बसे हुए थे। इसके अलावा प्लास्टिक शीट का भी वितरण किया गया है। कोई भी पशु क्षति नहीं हुई है। दो व्यक्ति की मृत्यु नदी में बहाने से होने की सूचना मिली है जिन्हें जिला पदाधिकारी ने अगले 24 घंटे के अंदर मुआवजा राशि वितरित करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा पारिवारिक लाभ का मुआवजा उपलब्ध करवा दी गई है। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने बताया कि नदी के तलहटी वाले बसे लोगों को समुदाय किचन के माध्यम से लगातार खाना खिलाने का कार्य किया गया है। वर्षा जल के कारण मोहनपुर के मंझार सड़क का कटाव हुआ है, जिसे अभिलंब ठीक करवाने का निर्देश जिला पदाधिकारी द्वारा दिया गया।
अंचल अधिकारी बोधगया से बाढ़ के संबंध में जानकारी लेने पर बताया गया कि लगभग डेढ़ सौ घर जो मिट्टी एवं झोपड़ी के थे, वह क्षति हुई है। सूची को जिला आपदा कार्यालय को भेजा गया है। इसके अलावा 404 की संख्या में स्थानीय पक्के के घरों में पानी घुसा है, जिसकी आपदा के संपूर्ति पोर्टल पर सूची तैयार करते हुए उन्हें मुआवजा के लिए भेजी जा रही है। इसके अलावा दो की संख्या में पशु क्षति हुआ है। उसकी मुआवजा भुगतान की जा रही है। एक व्यक्ति की मृत्यु की सूचना प्राप्त हुई है, उसकी मुआवजा भेजी जा रही है। इसके अलावा 80 से ऊपर की संख्या में प्लास्टिक शीट का वितरण किया गया है। 250 की संख्या में सुखा राशन का वितरण किया गया है। इसके अलावा लगभग 300 लोगों को समुदायिक किचन के माध्यम से खाना खिलाया गया है। बाढ़ के पानी से बतसपुर में डेढ़ सौ फीट सड़क का कटाव हुआ है। इसके अलावा सिलौजा एवं छाछ क्षेत्र के कुछ भागों में मिट्टी का भी कटाव हुआ है, जिसे समतल कराया जा रहा है। कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई है, जिसे 24 घंटे में बिजली बहाल करवाने का सख्त निर्देश दिया गया है।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट डिवीज़न हेड गया
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़