
*इंदौर में बनेगा प्रदेश का पहला ऑक्सीजन गार्डन- प्रचुर ऑक्सीजन देने वाले लगेंगे एक लाख पौधे, 14 सितम्बर को लगाएंगे पौधे*
🎇 वन्दे भारत लाइव टी वी न्यूज़ चैनल इंदौर
कनाड़िया क्षेत्र में प्रदेश का पहला ऑक्सीजन गार्डन बनेगा। इस गार्डन में प्रचुर ऑक्सीजन देने वाले एक लाख पौधें लगाये जायेंगे। पौधें लगाये जाने की शुरूआत 14 सितम्बर को केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा की जायेगी।
कनाड़िया क्षेत्र स्थित गुलमर्ग परिसर के पीछे 28 बीघा पहाड़ी क्षेत्र पर एक लाख पौधों का रोपण किया जायेगा। यह क्षेत्र हरियाली से आच्छादित होकर इंदौर का प्रमुख पर्यावरणीय केंद्र बनेगा। पूरे प्रदेश में पहली बार ऑक्सीजन गार्डन की संकल्पना साकार होगी, जो शुद्ध वायु और नागरिक स्वास्थ्य के लिए वरदान साबित होगी। इस परिसर (पहाड़ी) पर ऑक्सीजन उद्यान के रूप में विकसित करने हेतु कई प्रजाति के पौधे लगाये जाएंगे, जिनमें प्रमुख रूप से नीम, पीपल, बरगद, शीशम, कदम, करंज, सिंदूर, मोरसली, कोअर्जुन, टेबोबिया, अशोक, कचनार, उंबर आदि तथा फलदार पौधों में आम, सीताफल, जामफल, जामुन, आंवला, शहतूत, कटहल, बादाम, महुआ, पारसपीपल, रेन ट्री आदि प्रजातियों का पौधारोपण किया जाएगा। इससे पर्यावरण में स्वच्छता होने के साथ-साथ पक्षियों के लिए आकर्षण का केन्द्र बनेगा। जिससे विभिन्न प्रजाति के पक्षियों का आवागमन होने से यह क्षेत्र पर्यावरण के साथ-साथ पक्षी विहार एवं पर्यटन स्थल के रूप में भी विकसित होकर नागरिकों को आकर्षित करेगा।
उक्त क्षेत्र में पौधों को पोषण एवं जीवित रखने हेतु गुलमर्ग परिसर के ट्रीटमेंट प्लांट सें पानी के लिए पाईप लाइन डालने के लिए भी निर्देशित किया।









