
धरती डोलवा ग्राम पंचायत में नहीं है पंचायत भवन
चार साल बाद भी अधूरा सपना, खुले आसमान तले निपट रहे पंचायत कार्य
संवाददाता_राकेश कुमार कन्नौजिया
विंढमगंज सोनभद्र।
विकास खंड दुद्धी के धरती डोलवा ग्राम पंचायत में आज भी पंचायत भवन का अभाव बना हुआ है। चार वर्ष पूर्व जर्जर स्थिति के कारण पुराने भवन को ध्वस्त कर दिया गया था, लेकिन आज तक नया भवन नहीं बन पाया। परिणामस्वरूप पंचायत के समस्त कार्य खुले आसमान के नीचे ही संपन्न किए जा रहे हैं।
रविवार को दर्जनों ग्रामीणों ने पंचायत परिसर में प्रदर्शन कर शासन-प्रशासन से जल्द निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों का कहना था कि जब जर्जर भवन को तोड़ा गया, तो उसके स्थान पर नया भवन बनवाना शासन की जिम्मेदारी थी। लेकिन चार वर्ष बीत जाने के बाद भी न तो निर्माण कार्य शुरू हुआ और न ही कोई योजना स्वीकृत हुई, जिससे गांव के विकास कार्य बाधित हो रहे हैं।
पूर्व प्रधान प्रतिनिधि दीपक गुप्ता ने आरोप लगाया कि पंचायत भवन का निर्माण ग्राम प्रधान की लापरवाही के कारण नहीं हो पा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधान अधिकारियों को सही स्थिति से अवगत नहीं करा रहे हैं।
वहीं वर्तमान ग्राम प्रधान ने सफाई देते हुए बताया कि पुराना भवन शासन के आदेश पर ध्वस्त कराया गया था, क्योंकि वह पूरी तरह जर्जर हो चुका था। उन्होंने कहा, “मैंने कई बार विभाग और शासन को पत्र भेजकर नया भवन बनवाने की मांग की है, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीण मुझे दोषी ठहरा रहे हैं, जबकि निर्माण के लिए बजट ही स्वीकृत नहीं हुआ है। मैं स्वयं चाहता हूं कि जल्द से जल्द पंचायत भवन का निर्माण हो ताकि पंचायत कार्य व्यवस्थित रूप से हो सकें।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि धरती डोलवा पंचायत भवन के निर्माण को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्य शुरू कराया जाए, ताकि ग्राम पंचायत के कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सकें।











