
चित्रसेन घृतलाहरे, वन्दे भारत/समृद्ध भारत, 16 अक्टूबर 2025/सरसींवा//बुधवार देर शाम सरसींवा थाना पुलिस ने अवैध जुआ खेलते 9 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ने में सफलता प्राप्त की है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी के दिशा-निर्देश पर प्रधान आरक्षक खेमसागर साव के नेतृत्व में की गई।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक खेमसागर साव हमराह स्टाफ के साथ अवैध जुआ और शराब रेड कार्रवाई पर निकले थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम कोदवा समलाई चौक के पास स्ट्रीट लाइट के नीचे कुछ लोग काट पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर घेराबंदी की और दबिश देकर आरोपियों को पकड़ लिया।
मौके पर जुआ खेलते हुए कमलेश तेन्दुलकर, मनबोध तेन्दुलकर, हरिराम चौहान, राजकुमार यादव, किरन मनहर, सहदेव बकावले, मुकेश तेन्दुलकर, संजू सारथी और बबलू ऊर्फ पूरन लाल नारंग को पकड़ा गया। कुछ आरोपी पुलिस को देखकर मौके से फरार होने में सफल रहे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹10,158 नगद, 52 पत्तियों की ताश की गड्डी और एक प्लास्टिक बोरी जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 0/25, धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ अधिनियम 2022 के तहत देहाती नालसी कायम कर मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर जमानत मुचलका पर छोड़ दिया है।
थाना सरसींवा की यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध जुआ पर नकेल कसने की दिशा में एक सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, क्षेत्र में इस तरह की ताबड़तोड़ कार्रवाइयाँ आगे भी जारी रहेंगी।
सरसींवा पुलिस की इस सटीक और निर्णायक कार्रवाई से इलाके के 52 पत्तों के पुजारियों में हड़कंप मच गया है — अब अवैध जुआ पर पुलिस की सख्त नजर!











