
किशोरी से दुष्कर्म मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार
सिद्धार्थनगर में विधायक भी पहुंचे थाने, फरार आरोपितों की तलाश तेज
अजीत मिश्रा (खोजी)
।। किशोरी से दुष्कर्म मामले में तीन और आरोपी गिरफ्तार:सिद्धार्थनगर में विधायक भी पहुंचे थाने, फरार आरोपितों की तलाश तेज ।।
सिद्धार्थनगर किशोरी से दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग के सनसनीखेज मामले में कपिलवस्तु थाना पुलिस ने गुरुवार को तीन और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों में हफीक, जैद और अफरोज शामिल हैं। यह वही मामला है जिसमें नाबालिग का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल और कई बार दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगा था।
पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान एक और नाम सामने आने पर मजिस्ट्रेट के समक्ष नाबालिग के बयान के आधार पर नए आरोपित को उसके गांव के पास से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले पुलिस ने आठ नामजद आरोपितों — जुनैद, हलीम, मुमताज उर्फ कमर, रैयान, शादाब, हफीक, वैद्य और सिराजुद्दीन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सभी फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई टीमों को अलग-अलग जिलों में भेजा है।
पीड़िता के पिता ने बताया कि पड़ोसी गांव का जुनैद सबसे पहले वीडियो बनाने वाला व्यक्ति था। बाद में उसने यह वीडियो अपने साथियों में बांट दिया, जिन्होंने इसी वीडियो के दम पर किशोरी को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म किया। उन्होंने कहा, “बेटी कई दिनों से मानसिक तनाव में थी। जब उसने बोलना बंद कर दिया, तब हमें अंदाजा हुआ कि मामला बहुत बड़ा है।
👉 तकनीकी साक्ष्य जोड़ रही पुलिस—
एसपी सिद्धार्थनगर ने बताया कि इस केस में किसी भी तकनीकी कमी की गुंजाइश नहीं छोड़ी जाएगी।पुलिस टीम ने पीड़िता का मेडिकल दोबारा कराया है। इसके अलावा डिजिटल फॉरेंसिक, मोबाइल डेटा, सीडीआर, चैट हिस्ट्री और वीडियो मटेरियल को केस डायरी में शामिल किया जा रहा है।नाबालिग को साइकोलॉजिकल काउंसलिंग और विशेषज्ञ सहायता भी दी जा रही है ताकि वह ट्रॉमा से उबर सके।
👉 विधायकों ने थाने पहुंचकर की सख्त कार्रवाई की मांग—
घटना को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है।गुरुवार को सदर विधायक श्याम धनी राही और डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह कपिलवस्तु थाने पहुंचे।दोनों ने पुलिस अधिकारियों से मुलाकात कर कहा कि नाबालिग के साथ हुए इस जघन्य अपराध में किसी भी तरह की देरी या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने पीड़िता के परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और सभी आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
👉 एसपी दफ्तर की मॉनिटरिंग, परिवार की सुरक्षा बढ़ी—
जिला स्तर से भी निर्देश जारी कर दिए गए हैं कि इस केस में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ही कार्रवाई की जाए।एसपी कार्यालय की मॉनिटरिंग सेल हर अपडेट पर नजर रख रही है।पीड़िता के परिवार की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और थाना क्षेत्र को संवेदनशील जोन के रूप में चिह्नित किया गया है।
👉 ग्रामीणों को जागरूक करने की तैयारी—
इस घटना के बाद पुलिस अब गांव-गांव डिजिटल सेफ्टी और सोशल मीडिया अपराधों को लेकर अभियान चलाएगी।चौकी स्तर पर किशोरों और किशोरियों की सुरक्षा काउंसलिंग भी शुरू की जाएगी ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।



















