
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा : गढ़वा जिले के कांडी प्रखंड अंतर्गत शिवपुर ग्राम निवासी सेवा निवृत्त भारतीय सैनिक सूबेदार मेजर अरविंद पांडेय के पुत्र अविनाश पांडेय का चयन भारतीय थल सेना में आर्मी पायलट अधिकारी के रूप में हुआ है।
अविनाश ने देहरादून स्थित भारतीय सैन्य अकादमी से अपना प्रशिक्षण पूरा किया और 13 दिसंबर को आयोजित पासिंग आउट परेड में स्टार लगाकर अधिकारी बने। इस गौरवपूर्ण अवसर पर उनके पिता अरविंद पांडेय एवं माता पूनम पांडेय उपस्थित रहीं।
अविनाश पांडेय की प्रारंभिक शिक्षा बेंगलुरु स्थित आर्मी स्कूल से हुई। पिता से प्रेरणा लेकर उन्होंने एनडीए की तैयारी की और संघ लोक सेवा आयोग द्वारा वर्ष 2021 में आयोजित एनडीए परीक्षा में सफलता प्राप्त की। इसके बाद चार वर्षों के कठिन प्रशिक्षण के पश्चात उन्हें भारतीय थल सेना में अधिकारी के रूप में नियुक्ति मिली।
चार साल के प्रशिक्षण के बाद अविनाश को भारतीय थल सेना के एविएशन कोर में पायलट के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया है। उनके एक भाई और एक बहन हैं। उनकी बहन अनन्या पांडेय वर्तमान में बेंगलुरु स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल में कक्षा पांच की छात्रा हैं, जबकि उनकी माता पूनम पांडेय गृहिणी हैं।
अविनाश की इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। शुभचिंतकों और ग्रामीणों ने फोन कर उन्हें बधाइयां दी हैं। वर्तमान में अविनाश अपने माता-पिता के साथ बेंगलुरु स्थित आवास पर हैं, जबकि गढ़वा शहर के नाहर रोड में भी उनका पारिवारिक आवास है।











